आलीराजपुर में बाल विवाह के खिलाफ कलेक्टर नीतू माथुर ने चलाया अभियान
छात्रावासों में विद्यार्थियों को दिलाई शपथ

बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर रोक लगाने और लोगों को जागरूक करने के लिए कलेक्टर नीतू माथुर के निर्देश पर जिले के विभिन्न छात्रावासों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देने के साथ इसे रोकने की शपथ भी दिलाई गई।
कानून और अधिकारों की दी जानकारी
जिला कार्यक्रम अधिकारी विक्रांत भास्कर दामले के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में बालक-बालिकाओं और ग्रामीणों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 तथा पॉक्सो एक्ट 2012 के प्रावधानों से अवगत कराया गया। बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनकी शिक्षा और भविष्य को भी प्रभावित करता है।
बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा पर जोर
कार्यक्रमों में बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों के महत्व को समझाया गया। विद्यार्थियों को जानकारी दी गई कि कानून के अनुसार विवाह के लिए लड़कों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और लड़कियों की 18 वर्ष निर्धारित है।
जिले के कई छात्रावासों में आयोजन
अभियान के तहत खेल परिसर कन्या छात्रावास, नवीन अनुसूचित जाति छात्रावास, आम्बुआ कन्या छात्रावास, चिचलगुड़ा, मथवाड़ और खेरवाड़ा कन्या आश्रमों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा उदयगढ़ और बोरझाड़ के बालक छात्रावास, गुंजेरी और आमखुट के कन्या छात्रावास तथा चांदपुर के बालक छात्रावास में भी जागरूकता गतिविधियां हुईं।
दो महीने तक जारी रहेंगी गतिविधियां
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम के लिए बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीण समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करना है।



