कभी गांव के मंच पर बने राम, फिर 'खुदा गवाह' के हबीबुल्लाह बनकर छाए; अभिनेता अली खान ने सुनाए जिंदगी के अनसुने किस्से
अमिताभ बच्चन और राजेश खन्ना से जुड़े यादगार प्रसंग

बिहार के गया जिले के एक छोटे से गांव में मंदिर के मंच पर भगवान राम का किरदार निभाने वाले एक बालक ने आगे चलकर बड़े पर्दे पर हबीबुल्लाह की भूमिका से अपनी अलग पहचान बनाई। गांव के नाटकों से शुरू हुआ यह सफर मुंबई की फिल्मी दुनिया तक पहुंचा, जहां संघर्ष, बड़े सितारों का साथ और कई यादगार भूमिकाएं उनके जीवन का हिस्सा बनीं। हिंदी, भोजपुरी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में अपनी अभिनय क्षमता का परिचय देने वाले अभिनेता अली खान ने बुधवार को इंदौर में जनशक्ति उजाला ग्रुप के प्रधान संपादक नारायण माखीजा से विशेष बातचीत में अपने करीब 40-45 साल के फिल्मी सफर और निजी जीवन के कई अनसुने किस्से साझा किए। अली खान एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इंदौर आए थे।
गांव के रामलीला मंच से जागा अभिनेता बनने का सपना
अली खान का जन्म गया जिले से करीब दो घंटे की दूरी पर स्थित मेघरा चोंहा गांव में हुआ। बचपन में गांव के मंदिर में होली, दशहरा और दीपावली के अवसर पर नाटकों का आयोजन होता था। दुबले-पतले और गोरे रंग के कारण उन्हें अक्सर भगवान राम की भूमिका मिलती थी। उन्होंने गया के गालिब कॉलेज से इंटरमीडिएट (आईएससी), अनुग्रह नारायण कॉलेज से बीएससी और इसके बाद एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। कॉलेज के दिनों में भारत टॉकीज और प्रेम टॉकीज में राजेश खन्ना की फिल्में देखते हुए उनके मन में अभिनेता बनने की इच्छा पैदा हुई।
मुंबई में संघर्ष और नेशनल ढाबे की यादें
वर्ष 1975 में अली खान पहली बार गया से मुंबई पहुंचे। उन्हें राज कपूर के आरके स्टूडियो जाने का अवसर मिला, जहां अमिताभ बच्चन और रंजीत से पहली मुलाकात हुई और उन्होंने दोनों कलाकारों का ऑटोग्राफ लिया। हालांकि, मायानगरी में जगह बनाना आसान नहीं था। संघर्ष के दौरान उन्हें खार ईस्ट की झोपड़पट्टी में भी रहना पड़ा।
बांद्रा स्टेशन के पास स्थित सरदार जी का 'नेशनल ढाबा' भी उस दौर की यादों से जुड़ा है। अली खान ने बताया कि शत्रुघ्न सिन्हा, धर्मेंद्र, जितेंद्र और मनोज कुमार जैसे दिग्गज कलाकार भी अपने संघर्ष के दिनों में इसी ढाबे पर भोजन किया करते थे। अली खान बाद के समय में इस ढाबे पर जाते थे और वहां दो रोटी, राजमा तथा प्याज-लहसुन खाकर अपना गुजारा करते थे।
शत्रुघ्न सिन्हा की सिफारिश से मिला पहला मौका
अली खान गया में रहने वाले शत्रुघ्न सिन्हा के मामा की सिफारिशी चिट्ठी लेकर मुंबई पहुंचे थे। इसके बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने उन्हें झारखंड की कोयला खदानों पर आधारित आर्ट फिल्म 'कालका' में काम करने का मौका दिया। वर्ष 1992 में प्रदर्शित 'खुदा गवाह' उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव बनी। इसमें उन्होंने हबीबुल्लाह की भूमिका निभाई। अफगानिस्तान में फिल्म की शूटिंग के दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. नजीबुल्लाह ने पूरी टीम को सुरक्षा और सम्मान दिया था।
150 से 200 फिल्मों में किया अभिनय
अली खान ने आमिर खान के साथ 'सरफरोश' में काम किया, जिसके लिए उन्हें सिल्वर जुबली अवॉर्ड मिला। इसके अलावा 'कोहराम', 'मां तुझे सलाम', 'इंडियन', 'गर्व', 'खिलाड़ी' और 'बेदर्दी' जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया। उनके अनुसार, अब तक वे करीब 150 से 200 फिल्मों में काम कर चुके हैं। फिल्मों के साथ छोटे पर्दे पर भी उनकी सक्रियता रही। 'टीपू सुल्तान' और 'महाभारत' धारावाहिक में यक्ष की भूमिका में उनके अभिनय को सराहा गया। उन्होंने अभिनेता शफी इनामदार की बुआ की बेटी से विवाह किया।
अमिताभ बच्चन ने 25 साल बाद निभाया वादा
अली खान ने अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक भावुक प्रसंग भी साझा किया। फिल्म 'तूफान' की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन ने उनके छोटे बेटे फैयाज को गोद में लेकर उसकी शादी में शामिल होने का वादा किया था। करीब 25 साल बाद अमिताभ बच्चन ने फैयाज और बेटी आशना दोनों की शादियों में सपरिवार पहुंचकर अपना वादा निभाया।
राजेश खन्ना के साथ जुड़ी एक और याद साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 में जब काका जी थर्ड स्टेज कैंसर से जूझ रहे थे, तब वे उन्हें झारखंड के देवघर स्थित महाशिवरात्रि मेले में अपने साथ ले गए थे। वहां राजेश खन्ना की एक झलक पाने के लिए करीब एक लाख लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।
भोजपुरी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी पहचान
अली खान ने रवि किशन, मनोज तिवारी, पवन सिंह और निरहुआ के साथ 30 से 40 भोजपुरी फिल्मों में काम किया। तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषा की चार-पांच फिल्मों में भी अभिनय किया। इनमें विजयकांत के साथ की गई फिल्म 'वांचीनाथन' प्रमुख है। उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग की समय की पाबंदी और अनुशासन की विशेष रूप से सराहना की।
लालू यादव को मानते हैं गुरु, भारत जोड़ो यात्रा में भी हुए शामिल
अभिनय के साथ राजनीति में भी अली खान की दिलचस्पी रही है। वे लालू प्रसाद यादव को अपना आदर्श और राजनीतिक गुरु मानते हैं। वर्ष 1999 में उन्होंने मुंबई से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ा था, जिसमें उन्हें अच्छे वोट मिले थे। वर्तमान में वे राहुल गांधी के साथ कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं और भारत जोड़ो यात्रा में भी हिस्सा ले चुके हैं।
इंदौर दिल के करीब, पुराने दोस्त से भी जुड़ी यादें
अली खान ने बातचीत के दौरान इंदौर के प्रति अपना खास लगाव भी जाहिर किया। उन्होंने कहा कि इंदौर उनके दिल के बेहद करीब है। यहां की साफ-सफाई, खान-पान और लोगों का व्यवहार उन्हें खासा पसंद है। शहर में उनके कई मित्र हैं और इंदौर आने पर उन्हें अपनापन महसूस होता है। उन्होंने गया से इंदौर आकर बसे मनोज सलूजा का भी जिक्र किया। अली खान ने बताया कि मनोज सलूजा से उनकी दोस्ती गया से ही है। दोनों ने मुंबई में फिल्मी दुनिया में जगह बनाने के लिए संघर्ष के दिन भी साथ बिताए हैं। उस दौर की दोस्ती आज भी कायम है। इंदौर में अपने पुराने मित्रों से जुड़ाव और शहर के प्रति लगाव उनके लिए इस शहर को और खास बनाता है।
बेटे को भी फिल्मी दुनिया में कर रहे तैयार
अली खान ने बताया कि वर्तमान में वे चार से पांच फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग में व्यस्त हैं। वे अपने बेटे फैयाज अली खान को भी फिल्मी दुनिया में आगे बढ़ा रहे हैं। फैयाज की फिल्में 'आज के शोले' और 'धन रफूचक्कर' जल्द रिलीज होने वाली हैं। 'धन रफूचक्कर' की शूटिंग इंदौर, भोपाल और आष्टा में हुई है। नई पीढ़ी को सलाह देते हुए अली खान ने कहा कि फिल्म उद्योग में बड़े प्रोडक्शन हाउस के पास काम के अवसर सीमित हैं। ऐसे में युवाओं को फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपनी रील्स बनाकर प्रतिभा प्रदर्शित करनी चाहिए, ताकि उन्हें अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सके।



