बाणगंगा में नशे के कारोबार पर आकाश विजयवर्गीय ने उठाए सवाल, पुलिस कमिश्नर को लिखा पत्र
अवैध बिक्री पर रोक लगाने की उठाई बात

शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की कथित अवैध बिक्री का मामला एक बार फिर चर्चा में है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 के पूर्व विधायक आकाश कैलाश विजयवर्गीय ने इस मुद्दे को लेकर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह को पत्र लिखकर पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर चिंता जताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लगातार शिकायतें मिलने का किया उल्लेख
आकाश विजयवर्गीय ने अपने पत्र में बताया कि बाणगंगा क्षेत्र के रहवासी मादक पदार्थों की अवैध बिक्री को लेकर लगातार शिकायतें कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस समस्या से पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों को पहले भी कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में इस गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाया है।
पुलिस प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
पूर्व विधायक ने पुलिस आयुक्त से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने पत्र में अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाना जरूरी है, ताकि रहवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके।



