अहमदाबाद-गोरखपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, रतलाम-नागदा में भी ठहराव
18 नवंबर से शुरू होगा संचालन

पश्चिम रेलवे ने लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए अहमदाबाद और गोरखपुर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का लाभ मध्यप्रदेश के रतलाम और नागदा सहित मार्ग में पड़ने वाले कई शहरों के यात्रियों को मिलेगा। विशेष किराये पर संचालित होने वाली इस ट्रेन में स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
बुधवार को अहमदाबाद से होगी शुरुआत
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, ट्रेन नंबर 09439 अहमदाबाद-गोरखपुर स्पेशल प्रत्येक बुधवार को अहमदाबाद से रवाना होगी। इसका पहला फेरा 18 नवंबर 2026 को रात 1 बजे शुरू होगा। ट्रेन रतलाम में सुबह 6:50 से 7 बजे और नागदा में 7:48 से 7:50 बजे तक रुकेगी। अगले दिन सुबह 6:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
गुरुवार को गोरखपुर से वापसी
वापसी में ट्रेन नंबर 09440 प्रत्येक गुरुवार को गोरखपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना होगी। पहली वापसी सेवा 19 नवंबर को सुबह 10:50 बजे शुरू होगी। शुक्रवार को नागदा में सुबह 6:50 से 6:52 बजे और रतलाम में 7:40 से 7:50 बजे तक ठहराव रहेगा। इसके बाद ट्रेन दोपहर 2 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर भी मिलेगा ठहराव
दोनों दिशाओं में ट्रेन आणंद, छायापुरी, गोधरा, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बाराबंकी, गोंडा और बस्ती स्टेशनों पर रुकेगी। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले समय-सारणी और परिचालन की ताजा जानकारी भारतीय रेलवे की वेबसाइट या RailOne ऐप से जांचने की सलाह दी है।



