जनशक्ति उजाला
समाचार

आचार्य विद्यासागर महाराज की स्मृति में जारी हुआ स्मारक डाक टिकट

सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया विमोचन

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
आचार्य विद्यासागर महाराज की स्मृति में स्मारक डाक टिकट के विमोचन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत और भोपाल महापौर मालती राय।
आचार्य विद्यासागर महाराज की स्मृति में स्मारक डाक टिकट के विमोचन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत और भोपाल महापौर मालती राय।
शेयर करें:

आचार्य विद्यासागर महाराज के त्याग, तपस्या और जनकल्याण के संदेश को स्मरण करते हुए भारतीय डाक विभाग ने उनकी स्मृति में पांच रुपये मूल्य का स्मारक डाक टिकट जारी किया है। शुक्रवार को भोपाल के एमपी नगर स्थित विद्योदय तीर्थ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संत समय सागर महाराज के सानिध्य में डाक टिकट का विमोचन किया। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।

त्याग और परोपकार को बताया महानता का आधार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वास्तविक महानता पद, प्रतिष्ठा और संपत्ति के प्रदर्शन से नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, ज्ञान और परोपकार से प्राप्त होती है। आचार्य विद्यासागर महाराज ने अपना घर-परिवार छोड़कर साधना, संयम और जनकल्याण का मार्ग अपनाया। उन्होंने अपने जीवन में अमीर और गरीब सभी के लिए 'जियो और जीने दो' के सिद्धांत को अपनाने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आचार्य विद्यासागर महाराज भले ही आज भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और आशीर्वाद समाज को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे। उनका जीवन तप, त्याग, करुणा और संयम का उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने किया चित्र का अनावरण

समारोह से पहले मुख्यमंत्री ने संत समय सागर महाराज के पाद प्रक्षालन किए। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर आचार्य विद्यासागर महाराज के चित्र का अनावरण किया। कार्यक्रम में दिगम्बर जैन पंचायत समिति के पदाधिकारियों ने आचार्य के जीवन दर्शन, पशु कल्याण और सामाजिक कार्यों में उनके योगदान को याद किया।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया भी समारोह से जुड़े

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्मारक डाक टिकट के विमोचन में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक आशीष शर्मा, विधायक देवेन्द्र जैन, भोपाल महापौर मालती राय, मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल विनीत माथुर सहित जैन समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें