सात शहरों तक पहुंची मेट्रो, 10 एक्सप्रेस-वे से बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गिनाए 2017 के बाद कनेक्टिविटी में आए बदलाव, सड़क से हवाई सेवाओं तक विकास का रखा ब्योरा

उत्तर प्रदेश में बीते वर्षों के दौरान परिवहन और संपर्क सुविधाओं के विस्तार ने प्रदेश के विकास को नई दिशा दी है। सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई सेवाओं के क्षेत्र में हुए बदलावों को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आज प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो सेवाएं जनजीवन को गति दे रही हैं। वर्ष 2017 से पहले जहां प्रदेश में मेट्रो सेवा नहीं थी, वहीं अब एक्सप्रेस-वे और हवाई अड्डों के विस्तार ने आवागमन की तस्वीर बदल दी है।
कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपनी पोस्ट के माध्यम से वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में हुए बदलावों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क का विस्तार केवल यात्रा को आसान नहीं बनाता, बल्कि समय की बचत के साथ आर्थिक और सामाजिक विकास के नए रास्ते भी खोलता है। उनके अनुसार, 2017 से पहले प्रदेश में इन बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद कमजोर थी।
एक्सप्रेस-वे और हवाई सेवाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने विकास कार्यों को गति और व्यापकता देने पर जोर दिया। उनके मुताबिक, वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे, जबकि वर्तमान में 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं। इसी तरह, पहले हवाई सेवाएं कुछ चुनिंदा शहरों तक सीमित थीं, लेकिन अब प्रदेश में 12 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों का नेटवर्क है।
रोजगार, कारोबार और पर्यटन को मिल रहे अवसर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि परिवहन सुविधाओं के विस्तार का लाभ समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच रहा है। बेहतर संपर्क से किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है, वहीं कारोबार और उद्यमिता के लिए नए अवसर बन रहे हैं। युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार तक पहुंच आसान हुई है। इसके साथ ही कामकाजी लोगों का समय बचने और पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने से स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर भी मजबूत हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों से कस्बों और कस्बों से शहरों तक पहुंच रहा विकास प्रदेश के नागरिकों के जीवन में बदलाव ला रहा है। उनके अनुसार, हर क्षेत्र में नए अवसरों का विस्तार और परिवारों की बढ़ती खुशहाली नए उत्तर प्रदेश की पहचान बन रही है।



