चक्रवात ‘अर्नब’ से बदला राजस्थान का मौसम, 28 जिलों में बारिश का अलर्ट
ओलावृष्टि और तेज हवाओं से बढ़ी ठंड, कई जिलों में पांच डिग्री तक लुढ़का अधिकतम तापमान

राजस्थान में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर अब व्यापक रूप से दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को प्रदेश के 28 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताते हुए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बदलते मौसम के कारण तापमान में गिरावट आई है और ठंड का असर भी बढ़ने लगा है।
बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित
राजधानी जयपुर में गुरुवार दोपहर से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रातभर रुक-रुककर जारी रहा। शुक्रवार सुबह भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। टोंक रोड, गोपालपुरा, मालवीय नगर, जगतपुरा, अजमेरी गेट और कलेक्ट्रेट क्षेत्र में बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। शहर का अधिकतम तापमान चार डिग्री गिरकर 27.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
20 जिलों में तापमान में बड़ी गिरावट
पिछले 24 घंटों के दौरान करौली, भरतपुर, धौलपुर, अलवर, दौसा, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, अजमेर, नागौर और टोंक सहित कई जिलों में बारिश हुई। मौसम के इस बदलाव से करीब 20 जिलों में अधिकतम तापमान पांच डिग्री तक नीचे आया है। वहीं कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान में भी 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बरकरार
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में गर्मी बनी हुई है। बाड़मेर में सबसे अधिक 35.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। जोधपुर में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई और अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री रहा।
कई शहरों में अलग-अलग रहा मौसम
अलवर में रुक-रुककर हुई बारिश से ठंडक बढ़ी। उदयपुर में बादलों और धूप के बीच मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहा। कोटा में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। उधर, अलवर के थानागाजी क्षेत्र के प्रतापगढ़ गांव में रात से हो रही बारिश के बीच मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने जयपुर और जोधपुर सहित कई क्षेत्रों में शुक्रवार को भी बारिश की संभावना जताई है।



