ट्राई का बड़ा फैसला, आईपी इंटरकनेक्शन पोर्ट शुल्क के नए नियम जारी
1 जनवरी 2027 से बदलेगी शुल्क व्यवस्था

भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने दूरसंचार नेटवर्क के बीच कनेक्टिविटी से जुड़े शुल्क ढांचे में बदलाव करते हुए आईपी आधारित इंटरकनेक्शन पोर्ट के लिए नए नियम जारी किए हैं। सोमवार को अधिसूचित दूरसंचार इंटरकनेक्शन (पोर्ट शुल्क) (तृतीय संशोधन) विनियम, 2026 के तहत अब आईपी तकनीक वाले पोर्ट के शुल्क निर्धारण के लिए नई व्यवस्था लागू होगी। नए नियम 1 जनवरी 2027 से प्रभावी होंगे। इसके साथ ही पहले से प्रचलित ई1 और टाइम डिवीजन मल्टीप्लेक्सिंग (टीडीएम) आधारित पोर्ट शुल्क की व्यवस्था भी जारी रहेगी।
पुराने ढांचे में आईपी तकनीक को किया शामिल
दूरसंचार नेटवर्क के बीच इंटरकनेक्शन वह व्यवस्था है, जिसके जरिए अलग-अलग कंपनियों के नेटवर्क आपस में जुड़कर कॉल और अन्य संचार सेवाओं का आदान-प्रदान करते हैं। इसके लिए इंटरकनेक्शन की मांग करने वाली कंपनी को संबंधित नेटवर्क सेवा प्रदाता को निर्धारित पोर्ट शुल्क देना होता है। वर्ष 2001 में बनाए गए मौजूदा विनियम मुख्य रूप से ई1/टीडीएम तकनीक पर आधारित थे। इनमें अंतिम बार वर्ष 2012 में शुल्क की समीक्षा की गई थी। बदलती तकनीक को देखते हुए अब आईपी आधारित कनेक्टिविटी को भी इस नियामक ढांचे में शामिल किया गया है।
अधिकतम वार्षिक शुल्क की सीमा निर्धारित
नए नियमों में आईपी पोर्ट की क्षमता के आधार पर अधिकतम वार्षिक शुल्क तय किया गया है। 1 जीबीपीएस क्षमता वाले पोर्ट के लिए यह सीमा 5.6 लाख रुपये और 10 जीबीपीएस क्षमता वाले पोर्ट के लिए 42.3 लाख रुपये निर्धारित की गई है। यह अधिकतम सीमा होगी, इसलिए संबंधित दूरसंचार कंपनियां आपसी सहमति से इससे कम शुल्क भी तय कर सकेंगी।
दूसरी क्षमता वाले पोर्ट के लिए भी मिलेगी छूट
1 और 10 जीबीपीएस के अलावा अन्य क्षमता वाले आईपी पोर्ट के शुल्क का निर्धारण भी सेवा प्रदाताओं की आपसी सहमति से किया जा सकेगा। इसके लिए निर्धारित दोनों क्षमताओं के पोर्ट पर लागू समान पद्धति का पारदर्शी तरीके से इस्तेमाल करना होगा। संशोधित विनियमों में पोर्ट की परिभाषा का विस्तार करते हुए पुराने 2.048 एमबीपीएस ई1 पोर्ट के साथ आईपी पोर्ट को भी शामिल किया गया है। आईपी पोर्ट की क्षमता एमबीपीएस या जीबीपीएस में मापी जाएगी।
सभी प्रमुख दूरसंचार सेवाओं पर लागू होंगे प्रावधान
नई शुल्क व्यवस्था फिक्स्ड लाइन, मोबाइल, राष्ट्रीय लंबी दूरी और अंतरराष्ट्रीय लंबी दूरी की दूरसंचार सेवाओं पर समान रूप से लागू होगी। हालांकि, ई1 पोर्ट के लिए पहले से निर्धारित शुल्क व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस तरह संशोधन का दायरा विशेष रूप से आईपी आधारित इंटरकनेक्शन पोर्ट तक रखा गया है।
परामर्श प्रक्रिया के बाद अंतिम हुए नियम
नए प्रावधान तैयार करने से पहले ट्राई ने दूरसंचार कंपनियों और अन्य संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे थे। इसके लिए 3 अप्रैल 2025 को पूर्व-परामर्श पत्र जारी किया गया था। इसके बाद 10 नवंबर 2025 को विस्तृत परामर्श पत्र लाया गया। इस प्रक्रिया में 17 हितधारकों ने अपनी टिप्पणियां और 9 ने उन पर प्रति-टिप्पणियां प्रस्तुत कीं। 28 जनवरी 2026 को खुली चर्चा भी आयोजित की गई। प्राप्त सुझावों और उनके विश्लेषण के बाद संशोधित विनियमों को अंतिम रूप दिया गया।
नियमों के उल्लंघन पर लगेगा वित्तीय निरुत्साहन
नए प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के लिए वित्तीय निरुत्साहन का प्रावधान भी किया गया है। निर्धारित नियमों का उल्लंघन होने पर प्रत्येक मामले में प्रति सेवा क्षेत्र अधिकतम 15 लाख रुपये तक का वित्तीय निरुत्साहन लगाया जा सकेगा। ट्राई का मानना है कि नई व्यवस्था से इंटरकनेक्शन शुल्क निर्धारण में पारदर्शिता बढ़ेगी और सेवा प्रदाताओं के बीच निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहन मिलेगा।
डिजिटल संचार व्यवस्था के अनुरूप होगा बदलाव
ट्राई के अनुसार, संशोधित नियम दूरसंचार क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलावों के अनुरूप नियामक व्यवस्था को मजबूत करेंगे। इससे अलग-अलग नेटवर्क के बीच प्रभावी कनेक्टिविटी और निर्बाध संचार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नए विनियमों का पूरा विवरण और व्याख्यात्मक ज्ञापन ट्राई की आधिकारिक वेबसाइट www.trai.gov.in पर मुहैया कराया गया है।



