जनशक्ति उजाला
समाचार

भूमि अधिग्रहण पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, ग्रामसभा की सहमति को लेकर स्पष्ट किया नियम

निजी कंपनी की खनन परियोजना से जुड़े मामले में 80 प्रतिशत प्रभावित परिवारों की पूर्व सहमति और सामाजिक प्रभाव आकलन पर दिया जोर

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: नई दिल्ली/सुंदरगढ़, ओडिशा2 मिनट पढ़ें
भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ग्रामसभा की पूर्व सहमति को अनिवार्य बताया है ।
भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ग्रामसभा की पूर्व सहमति को अनिवार्य बताया है ।
शेयर करें:

भूमि अधिग्रहण और आदिवासी अधिकारों से जुड़े एक महत्वपूर्ण फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि अनुसूचित क्षेत्रों में जमीन अधिग्रहण के लिए ग्रामसभा की पूर्व सहमति अनिवार्य है। अदालत ने ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में निजी कंपनी की खनन परियोजना के लिए 273.57 एकड़ कृषि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया रद्द कर दी। बुधवार, 18 नवंबर को जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने यह फैसला सुनाया।

तीन गांवों की जमीन से जुड़ा था विवाद

मामला सुंदरगढ़ जिले के कुकुड़ा, बिहाबंधा और लांजीबेरना गांवों का है। यहां डालमिया सीमेंट्स भारत लिमिटेड की खनन परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। प्रभावित ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। ग्रामसभाओं ने 26 जनवरी 2020 को प्रस्ताव पारित कर अधिग्रहण के विरोध में फैसला दिया था।

80 प्रतिशत परिवारों की सहमति जरूरी

सुप्रीम कोर्ट ने भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन कानून, 2013 के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि निजी कंपनी के लिए जमीन अधिग्रहण में कम से कम 80 प्रतिशत प्रभावित परिवारों की पूर्व सहमति जरूरी है। अनुसूचित क्षेत्रों में संबंधित ग्रामसभा की सहमति भी अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने से पहले प्राप्त करनी होगी। बाद में ली गई सहमति पहले की कानूनी अनिवार्यता का विकल्प नहीं बन सकती।

सामाजिक प्रभाव आकलन में भी मिली खामी

अदालत ने पाया कि सामाजिक प्रभाव आकलन की प्रक्रिया में निर्धारित सार्वजनिक सुनवाई नहीं हुई और विशेषज्ञ समूह में कंपनी से जुड़े व्यक्ति की मौजूदगी ने उसकी स्वतंत्रता पर सवाल खड़े किए। सुप्रीम कोर्ट ने ओडिशा हाईकोर्ट के 2024 के फैसले को भी निरस्त कर दिया, जिसने अधिग्रहण प्रक्रिया को सही ठहराया था।

नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने की छूट

शीर्ष अदालत ने संबंधित अधिसूचनाओं और अधिग्रहण प्रक्रिया को रद्द कर दिया। हालांकि, राज्य सरकार को कानून के प्रावधानों और अदालत की बताई शर्तों का पालन करते हुए नए सिरे से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने की छूट दी गई है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

ग्रीन पार्टनरशिप के तहत ऊर्जा, शिपिंग और जल प्रबंधन में सहयोग की समीक्षा

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालानई दिल्ली2 मिनट पढ़ें