केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को दी स्वदेशी वैक्सीन की सौगात, बर्ड फ्लू से बचाव में घटेगी विदेशी निर्भरता
एक खुराक की कीमत महज 1 से 2 रुपये

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार, 20 नवंबर को भोपाल में देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। बर्ड फ्लू के H5N1 वेरिएंट से बचाव के लिए विकसित इस वैक्सीन की एक खुराक की कीमत महज 1 से 2 रुपये रखी गई है। इस मौके पर उन्होंने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से नई अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा भी की। मंत्री ने इसे भारतीय वैज्ञानिकों की बड़ी कामयाबी बताते हुए कहा कि इस वेरिएंट की दुनिया की पहली वैक्सीन भारत में तैयार की गई है।
विदेश में भारत की छवि पर सवाल उठाने वालों को जवाब
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा। बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि विदेश जाकर अपने ही देश को बदनाम करने और संवैधानिक संस्थाओं, सेना तथा वैज्ञानिकों के सामर्थ्य पर सवाल उठाने वालों को आज का बदलता भारत देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गठित टास्क फोर्स के प्रयासों से वैज्ञानिकों ने महज नौ महीने में कोविड की दो स्वदेशी वैक्सीन तैयार की थीं। अब बर्ड फ्लू के H5N1 वेरिएंट का टीका बनाकर भारतीय वैज्ञानिकों ने देश की क्षमता का एक और प्रमाण दिया है।
भोपाल में बनेगी 300 करोड़ की अत्याधुनिक लैब
चौहान ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) के काम की सराहना की। उन्होंने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से नई अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा की। मंत्री ने बताया कि वैक्सीन का लोकार्पण दिल्ली से करने की योजना थी, लेकिन उन्होंने इसे भोपाल में ही वैज्ञानिकों और शहरवासियों के बीच राष्ट्र को समर्पित करने का निर्णय लिया। उनका कहना था कि जिन वैज्ञानिकों ने दिन-रात मेहनत कर यह टीका विकसित किया, उनके बीच इसका लोकार्पण करना अधिक उचित था।
पशुपालन क्षेत्र को सालाना 56 हजार करोड़ रुपये का नुकसान
केंद्रीय मंत्री चौहान ने पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की नियमित आमदनी का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने पशुओं को किसानों के लिए 'चलते-फिरते एटीएम' बताते हुए कहा कि देश की जीडीपी में पशुपालन का योगदान 14 प्रतिशत और पोल्ट्री क्षेत्र का एक प्रतिशत है। उनके अनुसार, खुरपका-मुंहपका रोग से औसतन 22 हजार करोड़ रुपये, लंपी वायरस से 20 हजार करोड़, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ और भेड़-बकरियों में होने वाले पीपीआर रोग से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान होता था। इन बीमारियों से कुल आर्थिक नुकसान करीब 56 हजार करोड़ रुपये बताया गया। चौहान ने कहा कि स्वदेशी टीकों के माध्यम से इस नुकसान को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।
2006 से अब तक बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप
केंद्रीय मंत्री चौहान ने बताया कि भारत में बर्ड फ्लू का पहला प्रकोप वर्ष 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में सामने आया था। उस दौरान 10 लाख मुर्गियों की मौत हुई और संक्रमण रोकने के लिए लाखों मुर्गियों को मारकर गड्ढों में दफनाना पड़ा। वर्ष 2021 में नौ लाख और इस वर्ष दो लाख मुर्गियों की मौत हुई। उनके मुताबिक, 2006 से अब तक देश में बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं। इस बीमारी से पोल्ट्री उद्योग को भारी नुकसान पहुंचने के साथ स्तनधारी पशुओं और मनुष्यों में संक्रमण फैलने का खतरा भी बना रहता है। नई वैक्सीन की कम कीमत रखने का उद्देश्य छोटे मुर्गीपालकों को भी टीकाकरण की सुविधा देना है।
टीकाकरण अभियान से पशु रोगों पर नियंत्रण
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मथुरा से शुरू किए गए राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए अब तक 147 करोड़ 16 लाख मुफ्त खुराकें दी जा चुकी हैं और ब्रुसेलोसिस पर नियंत्रण पाया गया है। वर्ष 2022 में लंपी त्वचा रोग से 32 लाख 80 हजार पशु संक्रमित हुए थे और एक लाख 86 हजार पशुओं की मौत हुई थी। इसके बाद हिसार और इज्जतनगर के वैज्ञानिकों ने 'लंपी प्रोवैकइंड' टीका विकसित किया। भोपाल के NIHSAD संस्थान ने इससे पहले गंबेरो, ब्रुसेला एबॉर्टस एस-19 डेल्टा, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर के स्वदेशी टीके भी बनाए हैं।
छुट्टियां छोड़कर महीनों तक शोध में जुटे रहे वैज्ञानिक
वैक्सीन बनाने वाले वैज्ञानिकों डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच.वी. मुरगकर, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. सेंथिल कुमार डी., डॉ. नवीन कुमार और डॉ. योगीशाराध्या आर. के समर्पण की केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विशेष सराहना की। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिकों ने शनिवार और रविवार की छुट्टियां लिए बिना महीनों तक लगातार शोध किया। जैव-सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उन्हें घर जाने से पहले और लौटने के बाद सैनिटाइजेशन करना पड़ता था। रोजाना 120 लीटर पानी से स्नान करना और शोध के दौरान घर में पालतू पशु नहीं रखना भी इस प्रक्रिया का हिस्सा था। चौहान ने वैज्ञानिकों की इस मेहनत और समर्पण को सैनिकों जैसी तपस्या बताया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के युवा, खेलकूद एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, महापौर मालती राय, राकेश शर्मा, नरेश मेवाड़ा, राकेश जादौन, राजेश चौकसे और सुश्री छाया सहित पार्षद मौजूद रहे। ICAR के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट, NIHSAD के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल तथा बड़ी संख्या में वैज्ञानिक और गणमान्य नागरिक भी समारोह में शामिल हुए।



