सरपंच चुनाव का नतीजा आते ही राजस्थान के गांव में बवाल, 50 से ज्यादा लोग हिरासत में
34 वोटों से जीत के बाद दो पक्ष भिड़े, पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल; गांव में भारी पुलिस बल तैनात

राजस्थान के बीकानेर जिले के केला गांव में सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित होते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। छतरगढ़ उपखंड के इस गांव में हार-जीत को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और देखते ही देखते पत्थरबाजी शुरू हो गई। घटना में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी है। हालात संभालने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
34 वोटों के अंतर से जीत के बाद विवाद
केला गांव में सरपंच पद के लिए जमीला और इकबाल के बीच मुख्य मुकाबला था। मतगणना पूरी होने के बाद जमीला को इकबाल के मुकाबले 34 वोटों से विजयी घोषित किया गया। परिणाम सामने आते ही दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तनाव बढ़ गया। देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया।
पत्थरबाजी के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। कानून व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मी भी इसकी चपेट में आ गए। कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उपखंड अधिकारी पवन कुमार और छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह ने पुलिस बल के साथ स्थिति संभाली। बीकानेर के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा मामले की निगरानी कर रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीएल मीणा और आरपीएस ममता सारस्वत भी गांव पहुंचे।
पुलिस ने इलाके में कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
गांव में पुलिस का पहरा
घटना के बाद एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है, ताकि दोबारा तनाव की स्थिति न बने। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में होने की जानकारी है, हालांकि तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी जारी है।



