जनशक्ति उजाला
समाचार

‘देश अपनी विरासत और नायकों को गर्व से याद कर रहा है’, जनजातीय गौरव दिवस पर बोले पीएम मोदी

गढ़चिरौली के कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए प्रधानमंत्री

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: गढ़चिरौली/नई दिल्ली3 मिनट पढ़ें
जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ।
जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ।
शेयर करें:

भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत और इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जनजातीय नायकों को सम्मान के साथ याद कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को वर्चुअली संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन किया और कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अब केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे देश का राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है।

भगवान बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री ने देशभर से कार्यक्रम से जुड़े लोगों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन और उनका संघर्ष देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों में जनजातीय समाज के योगदान और उनके गौरवशाली इतिहास को याद किया जा रहा है।

गढ़चिरौली की वीरगाथाओं का किया उल्लेख

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि इस क्षेत्र की जनजातीय संस्कृति समृद्ध रही है। राघोजी भांगरे, भागोजी नायक और वीर बाबुराव शेदमके जैसे जननायकों की वीरगाथाएं इस धरती से जुड़ी हैं। उन्होंने इन सभी वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही आयोजन में शामिल राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों और जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया।

राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है जनजातीय गौरव दिवस

प्रधानमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत हुई थी। पिछले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर देशभर में दो लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें करोड़ों लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि पहले अनेक दिवस और उत्सव विदेशी दृष्टिकोण से तय होते थे, लेकिन अब देश अपनी विरासत और इतिहास को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ सम्मान दे रहा है। यह राष्ट्रीय चेतना में आए बदलाव का संकेत है।

स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज का योगदान याद किया

मोदी ने कहा कि आजादी की लड़ाई में जनजातीय समाज ने अन्याय और शोषण के खिलाफ लगातार संघर्ष किया। गोविंद गुरु के अनुयायियों ने बलिदान दिया और अनेक वीरों तथा वीरांगनाओं ने अपने साहस से देश को प्रेरित किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान और कम उम्र में किए गए संघर्ष को भी देशवासियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

30 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री के अनुसार, जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों में जनजातीय विकास से जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। करीब 30 हजार करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं में शिक्षा संस्थान, स्वास्थ्य सुविधाएं, जनजातीय उत्पादों के विपणन केंद्र और गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से जुड़े काम शामिल हैं। मिजोरम में स्वतंत्रता सेनानी रोपू इलियानी को समर्पित संग्रहालय और अरुणाचल प्रदेश में जनजातीय अनुसंधान संस्था के नए भवन का भी लोकार्पण किया गया।

गरीबी और माओवादी आतंक से मुक्ति को बताया बड़ी कामयाबी

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश इस समय दो बड़ी उपलब्धियों की चर्चा कर रहा है। उनके मुताबिक, करीब 50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर निकलना और नक्सलवाद तथा माओवादी आतंक का खात्मा इनमें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन दोनों बदलावों का जनजातीय समाज के जीवन से गहरा संबंध है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

ग्रीन पार्टनरशिप के तहत ऊर्जा, शिपिंग और जल प्रबंधन में सहयोग की समीक्षा

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालानई दिल्ली2 मिनट पढ़ें