प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा संदेश, वैश्विक शांति के लिए दुनिया को दिया सांस्कृतिक जुड़ाव का मंत्र
एससीओ सभ्यतागत संवाद फोरम में प्राचीन सभ्यताओं के रिश्तों से लेकर डिजिटल विरासत तक पर रखी भारत की बात

दुनिया में युद्ध और अशांति के बीच भारत में सभ्यताओं के बीच संवाद और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद फोरम का उद्घाटन करते हुए कहा कि सांस्कृतिक जुड़ाव वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी है। उन्होंने सदस्य देशों से साझा विरासत, ऐतिहासिक संबंधों और सांस्कृतिक सहयोग को नई दिशा देने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक सहयोग से मजबूत होंगे आपसी संबंध
फोरम में शामिल होने भारत पहुंचे अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एससीओ ने अपनी स्थापना के 25 वर्षों में सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार किया है। अब सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग इन संबंधों को और गहराई दे सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मंच नए विचारों और सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाएगा।
हजारों साल पुराने हैं सभ्यताओं के संपर्क
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोगों के बीच संपर्क और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की अवधारणा नई नहीं है। करीब पांच हजार साल पहले सिंधु घाटी और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक संबंध थे। बाद में भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के विभिन्न क्षेत्र भी प्राचीन व्यापार मार्गों से जुड़े। इन रास्तों से केवल वस्तुओं का व्यापार नहीं हुआ, बल्कि विद्वानों और बौद्ध भिक्षुओं के माध्यम से विचारों, भाषाओं और परंपराओं का भी आदान-प्रदान हुआ। उनके अनुसार साम्राज्यों ने भौगोलिक सीमाएं बदलीं, जबकि सभ्यतागत संवाद ने विचारों को समृद्ध किया।
डिजिटल तकनीक से बढ़ेंगे सांस्कृतिक संपर्क
प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी की तकनीक ने देशों और समाजों को जोड़ने के नए अवसर दिए हैं। डिजिटल माध्यमों से ज्ञान साझा करना, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पहले से आसान हुआ है। एससीओ देशों को इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। ज्ञान का स्वरूप बदल सकता है, लेकिन उसका महत्व और प्रभाव हमेशा बना रहता है।
साझा विरासत के संरक्षण में संयुक्त प्रयासों पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने सदस्य देशों के संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखागारों में संरक्षित प्राचीन पांडुलिपियों, दुर्लभ ग्रंथों, ऐतिहासिक दस्तावेजों और कलाकृतियों को साझा विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने इनके डिजिटलीकरण, अनुवाद और संयुक्त शोध परियोजनाओं में सहयोग बढ़ाने की बात कही, ताकि नई पीढ़ी साझा इतिहास को समझ सके और विभिन्न देशों की सांस्कृतिक विरासत तक उसकी पहुंच आसान हो।



