जनशक्ति उजाला
समाचार

विकसित भारत की ताकत बनेंगे हुनरमंद युवा, आईटीआई प्रशिक्षितों को भी मिले आईआईटी जैसा सम्मान : प्रधानमंत्री मोदी

लखनऊ में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में मेधावी प्रशिक्षार्थियों का सम्मान

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: लखनऊ, उत्तर प्रदेश3 मिनट पढ़ें
लखनऊ में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में मेधावी प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साथ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
लखनऊ में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में मेधावी प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साथ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
शेयर करें:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं का हुनर और कौशल सबसे बड़ी ताकत साबित होगा। शनिवार को लखनऊ में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) से जुड़े युवाओं को समाज में उचित सम्मान देने की जरूरत बताई। इस अवसर पर उन्होंने देशभर के मेधावी प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित भी किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी के विद्यार्थियों को जिस तरह सम्मान मिलता है, वैसा ही सम्मान आईटीआई में प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को भी मिलना चाहिए।

आईटीआई के प्रति सामाजिक सोच बदलने की जरूरत

प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज में आईटीआई में पढ़ने वाले युवाओं को लेकर बनी हीनभावना दूर होनी चाहिए। बड़ी-बड़ी कंपनियों के संचालन और औद्योगिक विकास में आईटीआई से प्रशिक्षित युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आईटीआई में सीखा गया कौशल और हुनर विकसित भारत की बड़ी ऊर्जा है और देश का भविष्य इसी सामर्थ्य से तैयार होगा।

आक्रांताओं और अंग्रेजी शासन का किया उल्लेख

अपने संबोधन में PM मोदी ने भारत की पारंपरिक कौशल व्यवस्था को हुए ऐतिहासिक नुकसान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत कभी अपने हुनर और शिल्प के कारण दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र था। उनके अनुसार, आक्रांताओं ने कारीगरों के कौशल को कमजोर करने के लिए उनके हाथों पर चोट की। बाद में अंग्रेजों ने ऐसी शिक्षा व्यवस्था लागू की, जिसमें कौशल आधारित परंपरा की जगह कागजी कामकाज को अधिक महत्व मिलने लगा। उन्होंने कहा कि इस सोच के कारण समाज में आईटीआई जैसे संस्थानों में पढ़ने वाले युवाओं को लेकर हीनभावना पैदा हुई है और वे इस स्थिति को बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

पारंपरिक कौशल से आधुनिक प्रशिक्षण तक

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था कौशल और विभिन्न सेवाओं पर आधारित रही है। गांवों का जीवन अलग-अलग हुनर और पेशों से सुचारू रूप से चलता था। इसी सोच के आधार पर गुजरात में कौशल विकास का आधुनिक इकोसिस्टम तैयार किया गया। उन्होंने चिकनकारी, बनारसी और कांजीवरम रेशम, कश्मीरी पश्मीना, कलमकारी तथा धातु शिल्प जैसी पारंपरिक कलाओं को भारत की सांस्कृतिक और कौशल विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

आईआईटी और आईटीआई दोनों देश की ताकत

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी और आईटीआई दोनों देश की अमानत, सामर्थ्य और भविष्य हैं। युवाओं को कौशल के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से सीधे जोड़ना महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए हुनरमंद और प्रशिक्षित युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

उत्तर प्रदेश में आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में कौशल विकास और रोजगार के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से प्रदेश के 150 से अधिक आईटीआई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन, रोबोटिक्स और 3डी प्रिंटिंग जैसी उभरती तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से 12 हजार से अधिक युवाओं को कैंपस प्लेसमेंट मिला है। वहीं, वर्ष 2026 में रोजगार मेलों के जरिए 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

ग्रीन पार्टनरशिप के तहत ऊर्जा, शिपिंग और जल प्रबंधन में सहयोग की समीक्षा

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालानई दिल्ली2 मिनट पढ़ें