जनशक्ति उजाला
समाचार

मैसूरु में पीएम मोदी ने किया देश के पहले एलईडी तारामंडल का उद्घाटन, बीमार महिला भाजपा कार्यकर्ता की खुद की मदद

मंच पर अचानक बिगड़ी 70 वर्षीय प्रेमा की तबीयत

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: मैसूर, कर्नाटक2 मिनट पढ़ें
मैसूरु में कॉसमॉस तारामंडल का उद्घाटन करते और कार्यक्रम के दौरान अस्वस्थ महिला भाजपा कार्यकर्ता की मदद करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ।
मैसूरु में कॉसमॉस तारामंडल का उद्घाटन करते और कार्यक्रम के दौरान अस्वस्थ महिला भाजपा कार्यकर्ता की मदद करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ।
शेयर करें:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कर्नाटक के मैसूरु में देश के पहले एलईडी डोम तारामंडल 'कॉसमॉस-मैसूरु' का उद्घाटन किया। विज्ञान और खगोल विज्ञान की शिक्षा को नई दिशा देने वाले इस अत्याधुनिक केंद्र के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान एक मानवीय घटना भी सामने आई। मंच पर मौजूद करीब 70 वर्षीय भाजपा कार्यकर्ता प्रेमा के. की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनकी स्थिति देखकर प्रधानमंत्री मोदी तुरंत मदद के लिए आगे आए। उन्होंने प्रेमा का हालचाल पूछा और उन्हें एक गिलास पानी दिया। साथ ही अधिकारियों को उनकी विशेष देखभाल करने और डॉक्टरों को स्वास्थ्य की निगरानी करने के निर्देश दिए।

देश का पहला एलईडी डोम तारामंडल

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स की ओर से निर्मित यह तारामंडल मैसूरु विश्वविद्यालय परिसर में चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में स्थित है। इसे खगोल विज्ञान शिक्षा और प्रशिक्षण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इसमें 15 मीटर का झुका हुआ गुंबद है, जिसमें 4.2 करोड़ एलईडी और लगभग 6,150 पैनल शामिल हैं। पारंपरिक तारामंडलों में प्रोजेक्टर के माध्यम से दृश्य दिखाए जाते हैं, जबकि यहां एलईडी पैनलों के जरिए अधिक प्रभावशाली दृश्य अनुभव उपलब्ध कराया जा सकेगा।

विज्ञान और अनुसंधान में भारत की प्रगति का उल्लेख

उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि कॉसमॉस तारामंडल भारत में आध्यात्म और विज्ञान की परंपराओं के साथ आगे बढ़ने का उदाहरण है। उन्होंने चंद्रयान-3 की सफलता, नए टेलीस्कोप और अंतरिक्ष क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी का उल्लेख किया। मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में खगोल विज्ञान, खगोल भौतिकी और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत ने तेजी से प्रगति की है। विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को बेहतर शोध सामग्री उपलब्ध कराने के लिए वन नेशन, वन सब्सक्रिप्शन और अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन जैसी पहल भी की गई हैं।

घर लौटने के बाद भी लिया गया हालचाल

कार्यक्रम के दौरान अस्वस्थ हुई भाजपा कार्यकर्ता प्रेमा बाद में नंजनगुड स्थित अपने घर लौट गईं। भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष कुंबरल्ली सुब्बन्ना ने भी उनके घर पहुंचकर स्वास्थ्य की जानकारी ली। मंच पर प्रधानमंत्री की ओर से तत्काल मदद किए जाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनीं।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

ग्रीन पार्टनरशिप के तहत ऊर्जा, शिपिंग और जल प्रबंधन में सहयोग की समीक्षा

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालानई दिल्ली2 मिनट पढ़ें