नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से मिले PM मोदी, कई मुद्दों पर हुई चर्चा
दोनों देशों के बीच विकास, ऊर्जा और संपर्क परियोजनाओं पर बनी सहमति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन शाह) से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत बनाने के साथ व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, शिक्षा और सीमा पार संपर्क जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। पदभार संभालने के बाद बालेन शाह की यह पहली भारत यात्रा है।
नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए भारत की सहायता
वार्ता के बाद भारत ने नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये यानी करीब 15 हजार करोड़ भारतीय रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। इसमें बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और नए बुनियादी ढांचे के लिए 3,500 करोड़ भारतीय रुपये का अनुदान तथा ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए 11,500 करोड़ रुपये की ऋण सुविधा शामिल है। दोनों नेताओं ने ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ के साझा दृष्टिकोण को भी अपनाया।
अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा का शुभारंभ
दोनों प्रधानमंत्रियों ने अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का वर्चुअल उद्घाटन किया। रक्सौल-काठमांडू विद्युतीकृत ब्रॉडगेज रेल लाइन के लिए क्षेत्रीय सर्वेक्षण पूरा होने की जानकारी भी दी गई। नेपाल में ईस्ट-वेस्ट रेलवे के विकास में सहयोग पर सहमति बनी। काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग को दोनों दिशाओं में संचालित करने के लिए तकनीकी स्तर पर बातचीत आगे बढ़ाई जाएगी।
व्यापार और ऊर्जा क्षेत्र में भी सहयोग
नेपाल को भारत के दीनदयाल बंदरगाह के माध्यम से पारगमन व्यापार की सुविधा मिलेगी। बुनियादी ढांचा तैयार होने पर पारादीप बंदरगाह तक भी पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी। मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण को समर्पित किया गया। झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई और सिलीगुड़ी-झापा पाइपलाइन का काम जल्द शुरू करने पर सहमति बनी। 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला भी रखी गई। धर्चुला-दर्चुला के बीच नया मोटर योग्य सीमा पुल भी शुरू किया गया।
आठ क्षेत्रों में समझौते, PM मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण
भारत और नेपाल ने फॉरेंसिक विज्ञान, पुलिस प्रशिक्षण, सरकारी अधिकारियों के प्रशिक्षण, आयुर्वेद एवं पारंपरिक चिकित्सा, उपग्रह संचार, सतत शहरी विकास, स्वास्थ्य और पशुपालन-मछली पालन सहित आठ क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया। नेपाल में आईआईटी का परिसर स्थापित करने पर भी सहमति बनी। बालेन शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। यात्रा की तारीख आपसी सहमति से तय होगी।



