जनशक्ति उजाला
समाचार

विकसित भारत के लिए सोच का दायरा बढ़ाना जरूरी, आईआईटी खड़गपुर में PM मोदी का संदेश

75 वर्षों की यात्रा का उल्लेख कर प्रधानमंत्री ने संस्थान की भूमिका और युवाओं की नवाचार क्षमता को बताया अहम

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: खड़गपुर, पश्चिम बंगाल2 मिनट पढ़ें
आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ।
आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ।
शेयर करें:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोई भी राष्ट्र अपनी वास्तविक क्षमताओं को तभी पहचान पाता है, जब वह अपनी सोच की सीमाओं से आगे बढ़कर संभावनाओं को तलाशता है। पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह को संबोधित करते हुए PM मोदी ने संस्थान की 75 वर्षों की यात्रा, देश के विकास में उसकी भूमिका और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं के योगदान पर विचार रखे।

सात दशकों में बदलाव का साक्षी रहा संस्थान

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 75 वर्षों में आईआईटी खड़गपुर ने कई महत्वपूर्ण पड़ाव तय किए हैं। इस दौरान भारत ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और चिट्ठियों से सोशल मीडिया संदेशों तक का सफर देखा है। देश में आए इन बदलावों के विभिन्न चरणों में भारत के पहले आईआईटी के रूप में खड़गपुर संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों से जुड़ा परिसर

PM मोदी ने पश्चिम बंगाल को विचारों की धरती बताते हुए कहा कि यहां विचारों को शक्ति मिली और राष्ट्रीय आंदोलन आकार लेते रहे। आईआईटी खड़गपुर की स्थापना उस स्थान पर हुई, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए नजरबंदी शिविर था। उन्होंने विद्यार्थियों से कल्पना करने को कहा कि उस शिविर में स्वतंत्रता सेनानियों के बीच कैसी चर्चाएं होती होंगी। उनके जीवन और गतिविधियों की प्रेरणा आज भी विद्यार्थियों के लिए मंत्र की तरह है।

आत्मनिर्भरता से विकसित भारत की ओर

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन शिविरों ने स्वशासन और भारत को ऊंचाइयों पर पहुंचाने की इच्छा रखने वाले लोगों के अदम्य उत्साह और साहस को देखा था। आज इसी संस्थान के युवा नवाचार कर ऐसे विचार विकसित कर रहे हैं, जो भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूती देते हैं।

उन्होंने कहा कि पहले आजादी का सपना था, जबकि आज भविष्य के निर्माण का अवसर है। आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक की यात्रा ही विकसित भारत के निर्माण की वास्तविक ऊर्जा है।

चुनौतियों से आगे बढ़ने का आह्वान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वास जताया कि आईआईटी खड़गपुर का 75 वर्षों का अनुभव भारत के विकास और नवाचार की पहचान को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाएगा। संस्थान आज के भारत की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि किसी देश की ताकत इस बात से मापी जाती है कि वह कितनी चुनौतियों को चुनौती देने का साहस रखता है। भारत ने हाल के वर्षों में यह करके दिखाया है। उन्होंने संदेश दिया—सीमाओं को तोड़ें और संभावनाओं के द्वार खोलें।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

ग्रीन पार्टनरशिप के तहत ऊर्जा, शिपिंग और जल प्रबंधन में सहयोग की समीक्षा

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालानई दिल्ली2 मिनट पढ़ें