बिहार में विकास परियोजनाओं को मिली बड़ी रफ्तार, प्रधानमंत्री मोदी ने 34,470 करोड़ के कार्यों की दी सौगात
गंगा पर बने छह लेन के नीतीश सेतु का किया लोकार्पण

बिहार में बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में शनिवार को बड़ा कदम उठाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं में सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संसाधन और परिवहन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने 100 पीएम-ई बसों को भी रवाना किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश समारोह में भाग लिया।
गंगा पर बने छह लेन के नीतीश सेतु का लोकार्पण
प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर निर्मित छह लेन के नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित किया। लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 19.7 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इसके शुरू होने से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होने के साथ यात्रा का समय घटने और उत्तर तथा दक्षिण बिहार के बीच आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है।
15,600 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन
PM मोदी ने 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें प्रमुख सड़क परियोजनाओं के साथ बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई शामिल है। इसके अलावा बिजली वितरण और पारेषण से संबंधित कार्यों को भी शुरू किया गया। सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और शहरी विकास से जुड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं भी इस पहल का हिस्सा रहीं।
14,450 करोड़ रुपये की योजनाओं की रखी आधारशिला
प्रधानमंत्री ने लगभग 14,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-139 डब्ल्यू के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड को चार लेन में विकसित करने की योजना प्रमुख है। इसके अलावा पीरपैंती सुपर ताप विद्युत परियोजना के लिए बिजली निकासी से जुड़ी परियोजना तथा विभिन्न शहरी जलापूर्ति और सीवरेज योजनाएं शामिल हैं।
शिक्षा और आपातकालीन सेवाओं को भी मिलेगा विस्तार
अन्य प्रस्तावित कार्यों में नहरों का आधुनिकीकरण, शैक्षणिक संस्थानों का विकास, आईआईटी पटना में अनुसंधान पार्क और छात्रावास का निर्माण तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया से संबंधित बुनियादी ढांचे का विस्तार शामिल है। इन परियोजनाओं से बिहार में परिवहन और ऊर्जा सुविधाओं को मजबूत करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और शहरी सेवाओं के विस्तार को भी गति मिलने की उम्मीद है।



