मेट्रो से रेलवे तक, बेंगलुरु के विकास को नई गति देने पहुंचे पीएम मोदी, कई परियोजनाओं की शुरुआत
आईटी हब की कनेक्टिविटी और ऊर्जा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन को राष्ट्र को समर्पित किया और नई मेट्रो में सफर भी किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक सार्वजनिक परिवहन और बेहतर कनेक्टिविटी बेंगलुरु के विकास के लिए केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
आईटी और व्यावसायिक केंद्रों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
मोदी ने कहा कि बेंगलुरु देश की सिलिकॉन वैली है और भारत के आईटी निर्यात में इसका एक-तिहाई से अधिक योगदान है। नई पिंक लाइन से आईआईएम बेंगलुरु सहित कई शिक्षण संस्थानों और प्रमुख व्यावसायिक एवं तकनीकी केंद्रों तक पहुंच आसान होगी। इससे लाखों लोगों का समय और पैसा बचेगा। उन्होंने बताया कि 2014 में नम्मा मेट्रो का नेटवर्क लगभग 17 किलोमीटर था, जो अब 100 किलोमीटर से अधिक हो गया है। दिल्ली-एनसीआर और मुंबई महानगर क्षेत्र के बाद बेंगलुरु देश का तीसरा ऐसा शहर बन गया है, जहां मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर का आंकड़ा पार कर चुका है।
रेलवे के आधुनिकीकरण पर भी जोर
प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु से मंगलुरु होते हुए मडगांव तक वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे औपनिवेशिक दौर की पुरानी सोच से आगे बढ़कर नई विरासत तैयार कर रही है। कर्नाटक को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिलने का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य के 60 से अधिक रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है। रेलवे बजट में भी कर्नाटक के लिए नौ गुना वृद्धि हुई है।
ऊर्जा सुरक्षा और मध्यम वर्ग पर सरकार का ध्यान
मोदी ने कर्नाटक में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों को जोड़ने वाली कई पारेषण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें कोप्पल-2 और गदग-2 के लिए करीब 4,450 करोड़ रुपये तथा बीदर के सौर ऊर्जा क्षेत्र के लिए 1,370 करोड़ रुपये की योजना शामिल है। इसके अलावा दावणगेरे, चित्रदुर्ग और बेलारी से जुड़ी परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे का विकास रोजगार और आर्थिक अवसर पैदा करता है। सरकार का प्रयास मध्यम वर्ग की बचत बढ़ाने, क्रय शक्ति मजबूत करने और रोजमर्रा के खर्चों में राहत देने का है। उन्होंने टीडीएस नियमों में बदलाव, जीएसटी सुधारों और व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा पर जीएसटी हटाने का भी उल्लेख किया।



