महाकाल की सवारी से विदा हुआ श्यामू हाथी, अब जामनगर के वनतारा में होगा इलाज
दो साल की प्रक्रिया के बाद विशेषज्ञों की निगरानी में गुजरात भेजा गया

भगवान महाकाल की सवारी में वर्षों तक अपनी मौजूदगी से आकर्षण का केंद्र रहा श्यामू हाथी अब उज्जैन से भी विदा हो गया है। पैरों में हड्डियों से जुड़ी बीमारी के कारण चलने-फिरने में परेशानी का सामना कर रहे श्यामू को बेहतर उपचार के लिए गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा भेजा गया है। विशेषज्ञों की निगरानी में विशेष वाहन से उसे रवाना किया गया। श्यामू के इलाज के लिए करीब दो साल से प्रक्रिया चल रही थी।
विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के लिए चुना वनतारा
श्यामू का उपचार कर रहे चिकित्सकों के अनुसार, हाथी की देखभाल वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी शीर्ष संस्थाओं की निगरानी में की जा रही थी। शुरुआत में उसे आगरा स्थित केंद्र सरकार के वन्यजीव अस्पताल भेजने की योजना थी, लेकिन वनतारा में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं को देखते हुए वहां उपचार कराने का निर्णय लिया गया। यहां करीब 300 डॉक्टरों की टीम है, जिनमें लगभग 200 विदेशी चिकित्सक बताए गए हैं।
महावत के परिवार की आजीविका का भी इंतजाम
श्यामू की देखरेख करने वाले सरमन गिरि महाराज और उनके सहयोगियों के लिए हाथियों की सेवा आजीविका का प्रमुख साधन रही है। इंदौर रोड स्थित साईंनाथ कॉलोनी में रहने वाले सरमन गिरि ने पहले रामू और बाद में श्यामू की देखभाल की थी। श्यामू को वनतारा भेजे जाने के साथ संस्था ने उनके परिवार के दो सदस्यों को नौकरी भी दी है, ताकि हाथी के जाने के बाद परिवार की आजीविका प्रभावित न हो।
रामू से श्यामू और अब सुमा तक महाकाल की सेवा
भगवान महाकाल की सवारी में हाथियों की सेवा का सिलसिला कई दशकों तक चला। रामू हथिनी ने वर्ष 1980 से 2016 तक सवारी में अपनी भूमिका निभाई। बीमारी और निधन के बाद उसके पुत्र श्यामू ने यह जिम्मेदारी संभाली और वर्ष 2016 से 2025 तक महाकाल की सवारी में शामिल रहा। श्यामू के अस्वस्थ होने के बाद वर्ष 2026 से सुमा हथिनी सवारी में सेवा दे रही है।



