केंद्रीय मंत्री सिंधिया का बड़ा ऐलान: 2,500 करोड़ रुपये से बदलेगी देशभर के डाकघरों की तस्वीर
डाक परिचालन और संपदा प्रबंधन योजनाओं को केंद्र की मंजूरी

देशभर के डाकघरों की बुनियादी सुविधाओं और कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए केंद्र सरकार ने करीब 2,500 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में डाक परिचालन योजना और संपदा प्रबंधन योजना को जारी रखने का निर्णय लिया गया है। इससे डाक विभाग के कार्यालयों, परिवहन नेटवर्क और वितरण व्यवस्था में व्यापक सुधार किया जाएगा।
पांच वर्षीय योजना के तहत होगा निवेश
केंद्रीय मंत्री सिंधिया के अनुसार, डाक परिचालन योजना के लिए लगभग 1,141 करोड़ रुपये और संपदा प्रबंधन योजना के लिए 1,491 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। दोनों योजनाओं पर कुल करीब 2,632 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनका उद्देश्य डाक विभाग की मौजूदा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है।
लॉजिस्टिक्स और पार्सल वितरण को मिलेगी गति
डाक परिचालन योजना के तहत डाकघरों के कार्यालयों, परिवहन नेटवर्क और विपणन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। इसके अलावा प्रथम चरण से लेकर बीच की परिवहन प्रक्रिया और अंतिम छोर तक डाक एवं पार्सल पहुंचाने की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इससे ई-कॉमर्स और लॉजिस्टिक्स सेवाओं की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।
डाक भवनों का होगा नवीनीकरण
संपदा प्रबंधन योजना के तहत डाक विभाग की संपत्तियों को आधुनिक स्वरूप देने पर ध्यान दिया जाएगा। इसमें डाकघरों और कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनियों का निर्माण, पुनर्निर्माण और नवीनीकरण शामिल है। देश की ऐतिहासिक डाक इमारतों के संरक्षण तथा सभी डाकघरों की एक समान पहचान विकसित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
2030-31 तक जारी रहेंगी योजनाएं
केंद्र सरकार ने इन दोनों योजनाओं को 16वें वित्त आयोग की अवधि यानी वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी है। सरकार के अनुसार, इनके माध्यम से डाक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, परिचालन क्षमता सुधारने और वित्तीय समावेशन को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। साथ ही देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक ग्राहकों की जरूरत के अनुरूप सेवाएं पहुंचाने की व्यवस्था बेहतर होगी।



