जनशक्ति उजाला
समाचार

झाबुआ की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया मध्यप्रदेश का नाम

17 वर्षीय हीमा निनामा की कहानी डेविड बेकहम ने विश्व बाल दिवस पर की साझा

लेखक: कपिल माखीजा. जनशक्ति उजालास्थान: झाबुआ, मध्य प्रदेश4 मिनट पढ़ें
इंग्लैंड के पूर्व फुटबॉल स्टार और यूनिसेफ के सद्भावना राजदूत डेविड बेकहम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर हीमा की कहानी साझा कर उसके हौसले की प्रशंसा की।
इंग्लैंड के पूर्व फुटबॉल स्टार और यूनिसेफ के सद्भावना राजदूत डेविड बेकहम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर हीमा की कहानी साझा कर उसके हौसले की प्रशंसा की।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले की 17 वर्षीय हीमा निनामा ने बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाकर अपनी जिंदगी की दिशा बदल दी। कम उम्र में विवाह तय होने के बावजूद उसने अपनी पढ़ाई जारी रखने का फैसला किया और शिक्षकों की मदद से बाल विवाह रुकवाने में सफलता हासिल की। हीमा के इसी साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति की कहानी को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। इंग्लैंड के पूर्व फुटबॉल स्टार और यूनिसेफ के सद्भावना राजदूत डेविड बेकहम ने 20 नवंबर को विश्व बाल दिवस के अवसर पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर हीमा की कहानी साझा कर उसके हौसले की प्रशंसा की।

बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने में जुटी सरकार

महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने हीमा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके लिए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 को प्रभावी ढंग से लागू करने और कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास केवल बाल विवाह रोकने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा माहौल तैयार करना भी है, जहां बेटियां बिना भय अपनी शिक्षा पूरी कर सकें और जीवन से जुड़े फैसले खुद ले सकें।

मंत्री ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, समुदायों और स्थानीय संस्थाओं के सहयोग से जागरूकता अभियान चला रहा है। इनमें बाल विवाह के दुष्परिणामों, शिक्षा के महत्व और बालिकाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जा रही है। अभिभावकों को भी इस सामाजिक बुराई के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हीमा की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्रदेश की दूसरी बेटियों को भी अपने अधिकारों के लिए आगे आने की प्रेरणा देगी।

शिक्षकों की मदद से रुकवाया अपना बाल विवाह

झाबुआ जिले के बरखेड़ा गांव की रहने वाली हीमा निनामा कक्षा 11वीं में पढ़ रही थी, तभी परिवार ने उसका विवाह तय कर दिया। हीमा पढ़ाई जारी रखना चाहती थी, इसलिए उसने कम उम्र में शादी करने से इनकार कर दिया और विद्यालय के शिक्षकों से मदद मांगी। कल्याणपुरा स्थित सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य जी.पी. ओझा और अन्य शिक्षकों ने परिवार को बाल विवाह के कानूनी और सामाजिक दुष्परिणामों के साथ बालिका शिक्षा के महत्व को समझाया। हीमा के दृढ़ निश्चय और शिक्षकों की समझाइश से उसका विवाह रुक गया।

शिक्षक बनकर दूसरी बेटियों को आगे बढ़ाना है सपना

बाल विवाह रुकने के बाद हीमा ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और कक्षा 11वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। फिलहाल वह कक्षा 12वीं में अध्ययनरत है। उसका सपना भविष्य में शिक्षक बनने का है, ताकि वह दूसरी बेटियों को शिक्षा हासिल करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर सके। पढ़ाई के साथ हीमा खेल गतिविधियों में भी सक्रिय है।

बेकहम ने दुनिया के सामने रखी हीमा की मिसाल

डेविड बेकहम ने हीमा की कहानी साझा करते हुए यूनिसेफ के साथ अपने 20 वर्षों के अनुभव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लड़कियों को उचित सहयोग और अवसर मिलने पर वे नेतृत्व करने, आगे बढ़ने और अपने जीवन के महत्वपूर्ण फैसले खुद लेने में सक्षम होती हैं। उन्होंने हीमा का उदाहरण देते हुए बताया कि शिक्षकों की सहायता से उसने अपना बाल विवाह रुकवाया और अब दूसरी लड़कियों का भविष्य संवारने का सपना देख रही है। बेकहम ने बाल अधिकारों की रक्षा के लिए यूनिसेफ और उसके सहयोगी संगठनों के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों और किशोरियों को आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने की अपील की।

यूनिसेफ ने डॉक्यूमेंट्री में दिखाई संघर्ष की कहानी

यूनिसेफ इंडिया ने भी हीमा के संघर्ष और साहस को दुनिया के सामने लाने के लिए एक लघु डॉक्यूमेंट्री तैयार की है। यूनिसेफ की टीम झाबुआ पहुंची और उसके विद्यालय तथा गांव में जाकर उसकी प्रेरक यात्रा को कैमरे में दर्ज किया। बाल विवाह के खिलाफ उठाई गई हीमा की आवाज अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

ग्रीन पार्टनरशिप के तहत ऊर्जा, शिपिंग और जल प्रबंधन में सहयोग की समीक्षा

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालानई दिल्ली2 मिनट पढ़ें