धनतेरस पर इंदौर के हजारों ग्रामीण परिवारों को मिला संपत्ति का मालिकाना हक, मंत्री सिलावट ने बांटीं निःशुल्क रजिस्ट्रियां
स्वामित्व योजना के तहत गांवों में पहुंचे मंत्री और जनप्रतिनिधि, अब संपत्ति के दस्तावेज से बैंक ऋण लेने और खरीद-बिक्री का भी मिलेगा अधिकार

धनतेरस के अवसर पर इंदौर जिले के ग्रामीण परिवारों के लिए यह त्योहार संपत्ति के कानूनी अधिकार की सौगात लेकर आया। शुक्रवार, 6 नवंबर को स्वामित्व योजना के तहत जिले के विभिन्न गांवों में हितग्राहियों को निःशुल्क रजिस्ट्री प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सांवेर विधानसभा क्षेत्र के केलोद हाला, पानोड़, बड़ोदिया एमा सहित कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को दस्तावेज सौंपे। सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अलग-अलग गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।
पीढ़ियों से रह रहे परिवारों को मिला कानूनी आधार
मंत्री सिलावट ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण परिवारों को उनकी आबादी भूमि पर वैधानिक अधिकार दिलाने की ऐतिहासिक पहल है। कई परिवार पीढ़ियों से गांवों में मकान बनाकर रह रहे थे, लेकिन उनके पास संपत्ति के स्वामित्व का प्रमाणित दस्तावेज नहीं था। अब रजिस्ट्री मिलने से उन्हें अपनी संपत्ति पर कानूनी अधिकार प्राप्त होगा। इस दस्तावेज के आधार पर ग्रामीण बैंक से ऋण लेने के साथ संपत्ति का क्रय-विक्रय भी कर सकेंगे।
इंदौर जिले में 95 हजार से अधिक रजिस्ट्रियों का लक्ष्य
जिले में योजना के तहत लगभग 95 हजार 86 पट्टों की स्वामित्व रजिस्ट्री वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे करीब 1 लाख 24 हजार हितग्राही लाभान्वित होंगे। अब तक 32 हजार 551 रजिस्ट्रियां तैयार हो चुकी हैं। सांवेर विधानसभा क्षेत्र में 39 हजार 866 रजिस्ट्रियां वितरित की जानी हैं, जिनसे 51 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा। यहां अब तक 12 हजार 204 रजिस्ट्रियां तैयार की जा चुकी हैं।
प्रदेश में 73 लाख हितग्राहियों को मिलेगा लाभ
मध्यप्रदेश में योजना के अंतर्गत लगभग 49 लाख 52 हजार 539 स्वामित्व रजिस्ट्रियां वितरित करने का लक्ष्य है। इससे करीब 73 लाख हितग्राही लाभान्वित होंगे। सरकार के अनुसार, इस प्रक्रिया में स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क हितग्राहियों से नहीं लिया जाएगा। पूरी व्यवस्था पर लगभग 3,800 करोड़ रुपये का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। प्रदेश में अब तक 17 लाख 53 हजार से अधिक हितग्राहियों की रजिस्ट्रियां तैयार की जा चुकी हैं।
सांसद-विधायकों ने भी गांवों में पहुंचकर बांटे दस्तावेज
वितरण कार्यक्रम के तहत सांसद शंकर लालवानी ने बिचौली हप्सी और बड़िया कीमा, सांसद कविता पाटीदार ने उंडवा, विधायक उषा ठाकुर ने मालीपुरा, विधायक मधु वर्मा ने नैनोद और विधायक मनोज पटेल ने हिंगोनियाखुर्द में ग्रामीणों को रजिस्ट्री प्रमाण-पत्र वितरित किए। कलेक्टर शिवम वर्मा शेरपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
पानोड़ में रविदास भवन का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सिलावट ने ग्राम पानोड़ में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले संत रविदास भवन का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना केवल दस्तावेज उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनकी संपत्ति को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



