धनवंतरी जयंती पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में आठ चिकित्सा विभूतियों का सम्मान
एमजीएम मेडिकल कॉलेज में आयोजित समारोह में आयुर्वेद, एलोपैथी, होम्योपैथी और योग के क्षेत्र में योगदान देने वालों को मिला सम्मान

चिकित्सा के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से सेवाएं दे रही आठ विभूतियों को शुक्रवार को धनवंतरी जयंती के अवसर पर सम्मानित किया गया। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के सभागृह में आयोजित धनवंतरी जयंती महोत्सव में चिकित्सा जगत के प्रतिष्ठित चिकित्सकों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों के योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय मौजूद रहे।
विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के प्रतिनिधियों का सम्मान
समारोह में वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक एवं आयुष विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक वैद्य सोमेंद्र मिश्र, नीमा के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. महेश गुप्ता, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वैजयन्ती भौरास्कर और योगाचार्य एवं आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. रीता शर्मा को सम्मानित किया गया। इनके साथ वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. तृप्ति काटदरे, औषधि निर्माता पं. गौतम मारवाल, औषधि विक्रेता पं. अर्पित सिद्ध और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव रत्नदीप कानूनगो को भी सम्मान प्रदान किया गया।
चिकित्सा पद्धतियों के बीच समन्वय पर जोर
आयोजन में वक्ताओं ने भगवान धनवंतरी को भारतीय चिकित्सा परंपरा का आराध्य बताते हुए कहा कि उनकी जयंती विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के बीच सहयोग और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने का अवसर है। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अलग-अलग चिकित्सा प्रणालियों से जुड़े विशेषज्ञों के सामूहिक प्रयासों को जरूरी बताया। आरोग्य भारती इस दिशा में विभिन्न पद्धतियों के चिकित्सकों को साझा मंच उपलब्ध करा रही है।
कई संस्थाओं ने मिलकर किया आयोजन
धनवंतरी जयंती महोत्सव का आयोजन आयुर्वेद सम्मेलन इंदौर, आरोग्य भारती इंदौर महानगर, नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा), एमजीएम स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धनवंतरी के पूजन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
इस अवसर पर भोलानाथ जी, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर.के. बाजपेयी, विष्णु व्यास सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। आरोग्य भारती मालवा प्रांत के कार्याध्यक्ष वैद्य लोकेश जोशी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वालों को प्रोत्साहित करने के साथ भारतीय चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके बीच सहयोग को मजबूत करना है।



