जनशक्ति उजाला
समाचार

इंदौर में सिख समाज ने निकाला नगर कीर्तन, अच्छी बारिश और जलसंकट से मुक्ति के लिए की अरदास

इमली साहिब गुरुद्वारे से शुरू हुई चार घंटे की यात्रा राजवाड़ा सहित प्रमुख मार्गों से गुजरी

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
इंदौर में प्रकाश पर्व के अवसर पर निकले नगर कीर्तन में श्रद्धा और सेवा के साथ शामिल हुए सिख समाज के लोग।
इंदौर में प्रकाश पर्व के अवसर पर निकले नगर कीर्तन में श्रद्धा और सेवा के साथ शामिल हुए सिख समाज के लोग।
शेयर करें:

प्रकाश पर्व के अवसर पर रविवार को इंदौर में सिख समाज ने श्रद्धा और उत्साह के साथ नगर कीर्तन निकाला। इमली साहिब गुरुद्वारे से सुबह 11 बजे शुरू हुई यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई करीब चार घंटे बाद वापस गुरुद्वारे पहुंची। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान समाजजनों ने शहर में अच्छी बारिश और आने वाले समय में संभावित जलसंकट से राहत के लिए विशेष अरदास की। यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा और सेवा के माध्यम से स्वागत किया गया।

बारिश और जलसंकट से राहत के लिए मांगी अरदास

इस वर्ष इंदौर में अपेक्षाकृत कम बारिश होने के कारण गर्मी के मौसम में जलसंकट की आशंका को देखते हुए नगर कीर्तन के दौरान पानी के लिए अरदास की गई। समाजजनों ने शहर और प्रदेश में पर्याप्त वर्षा तथा आने वाले समय में जल की उपलब्धता बनी रहने की कामना की। नगर कीर्तन के लिए रविवार का दिन इसलिए निर्धारित किया गया, ताकि शहर के यातायात पर कम से कम असर पड़े।

महिलाओं और बच्चों ने सफाई कर दिया सेवा का संदेश

नगर कीर्तन के दौरान सिख समाज की महिलाएं और बच्चे यात्रा मार्ग पर झाड़ू लगाकर सफाई करते हुए आगे बढ़े। नंगे पैर सड़क की सफाई कर उन्होंने सेवा और स्वच्छता का संदेश दिया। यह दृश्य नगर कीर्तन में आकर्षण का विशेष केंद्र रहा। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह मंच लगाकर समाजजनों का स्वागत किया गया। लोगों ने पुष्पवर्षा के साथ श्रद्धालुओं की अगवानी की।

जगह-जगह हुई जलपान और सेवा की व्यवस्था

नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पोहे और चाय के स्टॉल लगाए गए। बड़ी संख्या में लोगों ने सेवा कार्यों में भागीदारी की। सिख जवानों ने पारंपरिक शस्त्र कला के हैरतअंगेज करतब भी प्रदर्शित किए। पुरुष बसंती रंग की पगड़ी और सफेद कुर्ते में नजर आए, जबकि महिलाएं सफेद सलवार-सूट के साथ बसंती रंग के दुपट्टे पहने शामिल हुईं।

शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी यात्रा

नगर कीर्तन इमली साहिब गुरुद्वारे से शुरू होकर राजवाड़ा, कृष्णपुरा ब्रिज, गांधी हॉल, रीगल तिराहा, आरएनटी मार्ग, पटेल ब्रिज और जवाहर मार्ग से होते हुए वापस गुरुद्वारे पहुंचा। इसमें इंदौर के अलावा बेटमा साहिब और शहर के विभिन्न गुरुद्वारों के जत्थों ने पारंपरिक स्वरूप में भाग लिया। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरु सिंघ सभा के कार्यकर्ता तैनात रहे। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने यात्रा मार्ग पर आवश्यक यातायात परिवर्तन किए, ताकि आयोजन के दौरान आवागमन व्यवस्थित रखा जा सके।

शेयर करें:

संबंधित खबरें