जनशक्ति उजाला
समाचार

भारत आने वाले विदेशियों के लिए बदले नियम, वीजा व्यवस्था में हुआ बड़ा बदलाव

आवेदन फॉर्म में भी घटाई गई जानकारी भरने की जरूरत

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: नई दिल्ली3 मिनट पढ़ें
प्रतीकात्मक चित्र ।
प्रतीकात्मक चित्र ।
शेयर करें:

भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए वीजा प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गृह मंत्रालय ने वीजा की मुख्य श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर 9 कर दी है। वहीं, उप-श्रेणियों को भी 49 से कम करके 23 कर दिया गया है। इसके साथ ही आवेदन फॉर्म में मांगी जाने वाली जानकारियों में 65 से 70 प्रतिशत तक कटौती की गई है। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

अब कम श्रेणियों में पूरी होगी वीजा प्रक्रिया

गृह मंत्रालय के मुताबिक, इस बदलाव का उद्देश्य भारतीय वीजा व्यवस्था को अधिक सरल, सुव्यवस्थित और एकरूप बनाना है। समान उद्देश्यों से भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए वीजा श्रेणियों को एक साथ किया गया है, ताकि उन्हें अपनी यात्रा के अनुरूप सही श्रेणी चुनने में परेशानी न हो।

पहले भी दो बार बदली जा चुकी है व्यवस्था

वीजा प्रणाली को तर्कसंगत बनाने के लिए अक्टूबर 2025 में भी बदलाव किया गया था। उस समय मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 22 से घटाकर 13 और उप-श्रेणियों की संख्या 63 से कम करके 49 की गई थी। इसके बाद 27 अगस्त को इन्हें फिर घटाकर क्रमशः 9 और 23 कर दिया गया। सरकार ने इस प्रक्रिया में विकसित देशों की वीजा प्रणालियों और वैश्विक मानकों का भी अध्ययन किया।

पर्यटक वीजा अब आगंतुक वीजा कहलाएगा

वीजा व्यवस्था में एक अहम बदलाव नाम को लेकर भी किया गया है। पहले पर्यटक वीजा के नाम से पहचानी जाने वाली श्रेणी अब आगंतुक वीजा कहलाएगी। इसका दायरा पारंपरिक पर्यटन से आगे बढ़ाकर यात्रा के अन्य अनुमत उद्देश्यों तक किया गया है। इस श्रेणी को वी-1 और वी-2 नाम की दो उप-श्रेणियों में समेटा गया है।

चिकित्सा और छात्र वीजा के नियम भी बदले

चिकित्सा वीजा में पारंपरिक और आयुष चिकित्सा पद्धतियों के तहत इलाज के लिए अलग-अलग प्रावधान बरकरार रखे गए हैं। छात्र वीजा की श्रेणी को दो व्यापक उप-श्रेणियों में समेट दिया गया है।

व्यापार वीजा को दो हिस्सों में बांटा

व्यापार वीजा को बी-1 और बी-2 नाम की दो उप-श्रेणियों में विभाजित किया गया है। बी-1 श्रेणी में लाइसेंस के आधार पर लंबे समय तक की जाने वाली कारोबारी गतिविधियां शामिल हैं। इसके दायरे में भारत में औद्योगिक या कारोबारी उपक्रम स्थापित करने के इच्छुक विदेशी नागरिक भी आएंगे।

172 देशों के नागरिकों को ई-वीजा की सुविधा

गृह मंत्रालय के अनुसार, वर्तमान में 172 देशों के नागरिकों को ई-वीजा की सुविधा दी जा रही है। इसके तहत 13 उप-श्रेणियों में आवेदन किया जाता है। मंत्रालय ने सभी 23 वीजा श्रेणियों और उप-श्रेणियों के आवेदन फॉर्म को भी सरल और सुव्यवस्थित बनाने की प्रक्रिया पूरी की है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

ग्रीन पार्टनरशिप के तहत ऊर्जा, शिपिंग और जल प्रबंधन में सहयोग की समीक्षा

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालानई दिल्ली2 मिनट पढ़ें