सोने की हुई घर वापसी, विदेशों में रखा अपना भंडार भारत लाया आरबीआई
घरेलू स्वर्ण भंडार में बड़ा इजाफा

भारत ने अपने स्वर्ण भंडार को देश के भीतर सुरक्षित रखने की दिशा में बड़ी प्रगति की है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच विदेशों में रखे अपने 60.08 मीट्रिक टन सोने को वापस भारत मंगाया है। इसके साथ ही देश के कुल स्वर्ण भंडार में घरेलू स्तर पर रखे सोने की हिस्सेदारी बढ़कर करीब 84 प्रतिशत हो गई है। मार्च 2026 के अंत में यह आंकड़ा लगभग 77 प्रतिशत था। आरबीआई की छमाही रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है।
880.52 मीट्रिक टन है भारत का कुल स्वर्ण भंडार
रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर 2026 के अंत तक आरबीआई के पास कुल 880.52 मीट्रिक टन सोना था। इसमें से 740.13 मीट्रिक टन सोना भारत में रखा गया है, जबकि 140.39 मीट्रिक टन सोना बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स (बीआईएस) की सुरक्षित अभिरक्षा में है। देश में रखे गए स्वर्ण भंडार को मुंबई और नागपुर स्थित सुरक्षित वॉल्ट में रखा जाता है। मार्च 2026 के अंत में भारत में 680.05 मीट्रिक टन सोना था। छह महीने में इसमें 60.08 मीट्रिक टन की बढ़ोतरी हुई है।
विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी घटी
घरेलू स्वर्ण भंडार बढ़ने के बावजूद कुल विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी कम हुई है। आरबीआई के अनुसार, मार्च 2026 के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी 16.70 प्रतिशत थी, जो सितंबर के अंत में घटकर 14.38 प्रतिशत रह गई। रिपोर्ट में विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों के निवेश का विवरण भी दिया गया है। सितंबर के अंत में 608.26 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में से 529.57 अरब डॉलर विदेशी सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश किए गए थे। वहीं, 35.95 अरब डॉलर अन्य केंद्रीय बैंकों और बीआईएस के पास तथा 42.75 अरब डॉलर विदेशों के वाणिज्यिक बैंकों में जमा थे।
बाहरी वित्तीय जोखिमों पर भी आरबीआई की नजर
रिपोर्ट के अनुसार, जून 2026 के अंत में अल्पकालिक कर्ज और विदेशी मुद्रा भंडार का अनुपात बढ़कर 23 प्रतिशत हो गया, जबकि मार्च के अंत में यह 21.6 प्रतिशत था। इसी अवधि में पोर्टफोलियो निवेश सहित अस्थिर पूंजी प्रवाह का अनुपात भी 66.6 प्रतिशत से बढ़कर 68 प्रतिशत पहुंच गया। आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 के अंत में 668.6 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार देश के 9.8 महीने के आयात खर्च को पूरा करने के लिए पर्याप्त था। वहीं, 13 नवंबर 2026 को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 705.3 अरब डॉलर दर्ज किया गया। वैश्विक वित्तीय परिस्थितियों और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच स्वर्ण भंडार का बड़ा हिस्सा देश में रखना आरबीआई की रिजर्व प्रबंधन रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।



