जनशक्ति उजाला
समाचार

गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान के लिए रवाना हुआ 1822 श्रद्धालुओं का जत्था

एक दिसंबर को भारत लौटेगा जत्था

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: अमृतसर, पंजाब2 मिनट पढ़ें
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए पाकिस्तान रवाना हुआ सिख श्रद्धालुओं का जत्था।
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए पाकिस्तान रवाना हुआ सिख श्रद्धालुओं का जत्था।
शेयर करें:

गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन की अभिलाषा लेकर 1822 सिख श्रद्धालुओं का जत्था शनिवार को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान के लिए रवाना हुआ। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के कार्यालय से धार्मिक उल्लास के बीच जत्थे को विदाई दी गई। इस दौरान ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया।

1828 आवेदनों में से 1822 को मिला वीजा

एसजीपीसी के अनुसार, पाकिस्तान यात्रा के लिए कुल 1828 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा जारी करने के लिए भेजे गए थे। इनमें से पाकिस्तान दूतावास ने 1822 लोगों को वीजा दिया, जबकि छह आवेदनों को निरस्त कर दिया। जत्थे का नेतृत्व एसजीपीसी सदस्य बीबी परमिंदर कौर पार्टी लीडर के रूप में कर रही हैं। उनके साथ कार्यकारिणी सदस्य रविंदर सिंह खालसा, सदस्य गुरनाम सिंह जस्सल, बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला और जनरल प्रबंधक लखबीर सिंह चीफ-85 भी यात्रा में शामिल हैं।

ननकाना साहिब से करतारपुर तक करेंगे दर्शन

पाकिस्तान पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं की पहली मंजिल गुरु नानक देव जी का जन्मस्थान श्री ननकाना साहिब होगा। यहां गुरुद्वारा पट्टी साहिब, क्यारा साहिब सहित अन्य ऐतिहासिक गुरुधामों में मत्था टेकने के बाद जत्था गुरुद्वारा सच्चा सौदा, श्री पंजा साहिब, श्री करतारपुर साहिब और लाहौर स्थित गुरुद्वारा डेरा साहिब के दर्शन करेगा। धार्मिक यात्रा पूरी कर जत्था एक दिसंबर को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत लौटेगा।

भाईचारे और शांति के लिए की अरदास

एसजीपीसी सदस्य बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला ने कहा कि ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन करना प्रत्येक सिख के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने पाकिस्तान में गुरुद्वारों की प्राचीन इमारतों और गुरु साहिबान से जुड़ी निशानियों के संरक्षण की सराहना की। श्रद्धालुओं ने दोनों देशों के बीच भाईचारे और शांति की कामना के साथ बंदी सिंहों की रिहाई के लिए भी अरदास की।

पहली यात्रा की खुशी के बीच व्यवस्थाओं पर नाराजगी

पहली बार पाकिस्तान जा रहे धारीवाल के सेवा सिंह और सुल्तानपुर लोधी के गुरचरण सिंह ने इसे अपना सौभाग्य बताया। हालांकि, कुछ यात्रियों ने बसों की रवानगी, समय-सारणी और पासपोर्ट वितरण की जानकारी समय पर नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि स्पष्ट सूचना नहीं मिलने से दूरदराज से आए श्रद्धालुओं और उनके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ी। इसके बावजूद ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन को लेकर संगत का उत्साह बरकरार रहा।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

ग्रीन पार्टनरशिप के तहत ऊर्जा, शिपिंग और जल प्रबंधन में सहयोग की समीक्षा

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालानई दिल्ली2 मिनट पढ़ें