पीएफ में नई निकासी सुविधा से करोड़ों कर्मचारियों को मिलेगा लाभ, रिटायरमेंट के बाद भी आएगी नियमित रकम
ईपीएफओ ने एसडब्ल्यूपी को दी मंजूरी

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के करोड़ों सदस्यों को सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में नई सुविधा को मंजूरी दी गई है। केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शनिवार को बताया कि पीएफ खाते में सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (एसडब्ल्यूपी) लागू होने से कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद भी नियमित आय प्राप्त करने का विकल्प मिलेगा। इसके तहत सदस्य अपनी पूरी जमा राशि एकमुश्त निकालने के बजाय जरूरत के अनुसार अलग-अलग अंतराल पर किस्तों में रकम ले सकेंगे।
मासिक, तिमाही और छमाही निकासी का विकल्प
डॉ. मांडविया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए वीडियो में बताया कि ईपीएफओ ने अपने करोड़ों सदस्यों के लिए पीएफ में एसडब्ल्यूपी सुविधा को मंजूरी दी है। यह पूरी तरह ऐच्छिक होगी। सदस्य अपनी जरूरत के अनुसार हर महीने, तीन महीने या छह महीने में किस्तों के रूप में राशि निकाल सकेंगे। निकासी के बाद खाते में बची रकम पर ब्याज मिलता रहेगा।
रिटायरमेंट के बाद वित्तीय सुरक्षा पर जोर
ईपीएफओ के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य सेवानिवृत्त सदस्यों को नियमित, स्थिर और भरोसेमंद आय का साधन उपलब्ध कराना है। इससे कर्मचारी अपनी जीवनभर की बचत को एक साथ खर्च करने के बजाय योजनाबद्ध तरीके से इस्तेमाल कर सकेंगे और आर्थिक सुरक्षा बनाए रख सकेंगे।
पीएफ निकासी की सीमा भी बढ़ाई
ईपीएफओ ने हाल ही में 55 वर्ष तक की आयु वाले सदस्यों के लिए पीएफ खाते से निकासी की अधिकतम सीमा 75 प्रतिशत से बढ़ाकर 90 प्रतिशत कर दी है। इससे जरूरत के समय कर्मचारियों को अपनी जमा राशि का अधिक हिस्सा प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी और आर्थिक जरूरतों के लिए लचीलापन बढ़ेगा।
नौकरी छूटने पर भी जल्दी मिलेगी बचत तक पहुंच
नौकरी छूटने की स्थिति में पीएफ निकासी के लिए प्रतीक्षा अवधि को भी 12 महीने से घटाकर दो महीने करने की व्यवस्था की गई है। इससे बेरोजगारी के दौरान कर्मचारियों को अपनी जमा बचत तक जल्द पहुंचने में मदद मिलेगी। नई एसडब्ल्यूपी सुविधा के जरिए सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ईपीएफओ की ब्याज आय का लाभ लेते हुए नियमित भुगतान प्राप्त करने का विकल्प भी मिलेगा।



