दिग्विजय सिंह ने इंदौर में उठाए वोट चोरी, एसआईआर और अंकिता भंडारी का मुद्दा, महाकाल क्षेत्र में होटल निर्माण पर भी सवाल
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा सहित कई विषयों पर रखी कांग्रेस की बात

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शनिवार को इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में वोट चोरी, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और उज्जैन में महाकाल मंदिर के समीप होटल निर्माण जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका और राष्ट्रपति को ऑनलाइन याचिका के माध्यम से ज्ञापन देने के अभियान का भी उल्लेख किया।
उज्जैन से अयोध्या तक यात्रा की जानकारी
दिग्विजय सिंह ने उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर की नगरी से अयोध्या तक प्रस्तावित 930 किलोमीटर की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ की जानकारी साझा की। ‘शिवधाम से रामधाम’ नाम से बताई गई इस यात्रा के उद्देश्य और आयोजन से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
एसआईआर और वोट चोरी पर उठाए सवाल
पत्रकार वार्ता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और कथित वोट चोरी का मुद्दा प्रमुखता से उठा। दिग्विजय सिंह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका का जिक्र किया। उन्होंने राष्ट्रपति को ऑनलाइन याचिका के माध्यम से ज्ञापन देने के अभियान का समर्थन करने की अपील भी की। इसके लिए 8982121282 नंबर पर मिस्ड कॉल देने को कहा गया।
अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग
उत्तराखंड की अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने का मुद्दा भी पत्रकार वार्ता में उठाया गया। उनके माता-पिता के धरने और मामले में कथित तौर पर भाजपा नेताओं के नाम सामने आने के संदर्भ में कार्रवाई की मांग पर चर्चा हुई।
महाकाल मंदिर के पास होटल निर्माण पर सवाल
दिग्विजय सिंह ने उज्जैन में भारत न्यास को जमीन आवंटन और सरस्वती शिशु मंदिर को तोड़कर महाकाल मंदिर के समीप होटल बनाए जाने के मामले पर भी सवाल उठाए। इन विषयों से संबंधित मुद्दों पर उन्होंने अपनी बात रखी।
पत्रकार वार्ता में इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, कांग्रेस नेता के.के. मिश्रा, पूर्व शहर अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा, प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया और नीलाभ शुक्ला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



