2027 के चुनावी रण के लिए भाजपा ने तेज की तैयारी, लखनऊ पहुंचे अमित शाह
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन को देंगे दिशा, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर रहेगा जोर

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले पार्टी की तैयारियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। उन्होंने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वरिष्ठ नेतृत्व की मौजूदगी में हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक ने दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पहले चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अमित शाह का स्वागत किया।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अमित शाह के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी और पार्टी 2027 के लक्ष्य के लिए पूरी ताकत से काम करेगी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसे नए प्रदेश संगठन के गठन के बाद प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक बताते हुए अमित शाह के राजनीतिक अनुभव और रणनीतिक क्षमता को महत्वपूर्ण बताया।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अमित शाह कार्यकर्ताओं के लिए अभिभावक की तरह हैं। उनका मार्गदर्शन प्रदेश में संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है और पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में बड़े बहुमत से जीत दर्ज करेगी।
कार्यकर्ताओं में उत्साह, नेताओं ने जताया भरोसा
बैठक को लेकर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों में उत्साह दिखाई दिया। सांसद रवि किशन ने अमित शाह के आगमन पर कार्यकर्ताओं के जोश का उल्लेख किया। सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि उनका दौरा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने और विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाने का अवसर है।
विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सभागार भरा हुआ है। मंत्री जयवीर सिंह ने बैठक को संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। सांसद साक्षी महाराज ने आगामी चुनावों में अमित शाह के मार्गदर्शन को अहम बताते हुए 300 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य दोहराया। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल और राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने भी पार्टी की चुनावी तैयारियों को लेकर भरोसा जताया।
बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने की तैयारी
बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और चुनावी जिम्मेदारियां तय करने जैसे विषयों पर मंथन की संभावना है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के मुकाबले भाजपा की रणनीति, विपक्ष के मुद्दों का जवाब देने और सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने के तरीकों पर भी चर्चा हो सकती है।
पार्टी आगामी चुनाव में किन मुद्दों और संदेशों के साथ जनता के बीच जाएगी तथा चुनावी अभियान को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा, इन विषयों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। बैठक का समापन सत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन के साथ होगा।



