संविधान की समानता को जमीन पर उतारना जरूरी : राष्ट्रपति मुर्मू
संविधान दिवस समारोह में शिक्षा, न्याय, स्वास्थ्य और सामाजिक समानता पर दिया जोर

संविधान दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सामाजिक समानता और न्याय के सिद्धांतों को व्यवहार में लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सुप्रीम कोर्ट परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समान अवसर केवल भाषणों और सिद्धांतों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। कानून की नजर में सभी बराबर हैं, लेकिन इस समानता का असर समाज के हर वर्ग के जीवन में दिखाई देना चाहिए।
न्याय तक पहुंच हो आसान
राष्ट्रपति ने कहा कि गरीब, कमजोर और वंचित वर्ग के लोगों के लिए न्याय व्यवस्था तक पहुंच आसान बनाना जरूरी है। हर व्यक्ति के लिए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचना संभव नहीं होता। जिला अदालतों में लंबित मामलों को कम करने के लिए सरकार और विधिक सेवा समितियां प्रयास कर रही हैं। उन्होंने न्याय व्यवस्था में तकनीक और मीडिया की बढ़ती भूमिका का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, सूचनाएं अब तेजी से आम लोगों तक पहुंच रही हैं। महिला वकीलों की बढ़ती भागीदारी को उन्होंने सकारात्मक बदलाव बताया।
शिक्षा में समानता पर उठाया सवाल
शिक्षा के मुद्दे पर राष्ट्रपति ने कहा कि माता-पिता की आर्थिक स्थिति के आधार पर बच्चों के अवसर अलग नहीं होने चाहिए। अमीर और गरीब परिवारों के बच्चे समान शिक्षा के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि गरीब का बच्चा भी किसी से कम नहीं है और गांवों में रहने वाली बेटियों को भी आगे बढ़ने के बराबर अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने चिंता जताई कि पहले विभिन्न सामाजिक और आर्थिक वर्गों के बच्चे एक साथ पढ़ते थे, लेकिन अब ऐसा साझा शैक्षणिक माहौल कम दिखाई देता है।
संविधान की भावना को बताया मार्गदर्शक
राष्ट्रपति ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को संविधान के मूल आधार बताते हुए कहा कि संविधान का पहला अनुच्छेद अपने भीतर व्यापक अर्थ समेटे हुए है। उन्होंने संविधान के विभिन्न भारतीय भाषाओं में अनुवाद को महत्वपूर्ण बताते हुए संथाली भाषा में प्रस्तावना का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश सांस्कृतिक गौरव के साथ औपनिवेशिक मानसिकता से बाहर निकलने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रपति के लिए 'एक्सीलेंसी' संबोधन और राष्ट्रपति भवन में 'दरबार हॉल' जैसे नामों को पीछे छोड़ने का उल्लेख किया।
स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति पर भी ध्यान जरूरी
राष्ट्रपति ने कहा कि समान अवसर की अवधारणा शिक्षा तक सीमित नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य सुविधाओं में भी समानता सुनिश्चित करने की जरूरत है। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब बच्चों को गरीबी से जुड़ी हीन भावना के साथ जीवन आगे बढ़ाने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। जब देश प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार और भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है, तो विकास के अवसरों में भी समानता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
आत्मसमर्पण करने वालों को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर
नक्सलवाद के मुद्दे पर राष्ट्रपति ने सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए देश को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में हुए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के चेहरों में मासूमियत दिखाई देने की बात कही। उनके अनुसार, कई लोग भटकाकर इस रास्ते पर लाए गए थे। ऐसे लोगों को सुधारने और समाज की मुख्यधारा में वापस लाने में संस्थाओं को माता-पिता जैसी संवेदनशील भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को इस राह पर ले जाने वाले लोगों की भूमिका पर ध्यान देना जरूरी है।
राष्ट्रपति ने कहा कि आने वाले वर्षों में देश अपनी आजादी, संविधान और सुप्रीम कोर्ट के 100 वर्ष पूरे होने के महत्वपूर्ण पड़ावों का साक्षी बनेगा। इन अवसरों पर संविधान के मूल आदर्शों को मजबूत करने का संकल्प भी जरूरी है। उन्होंने सभी संस्थाओं से मिलकर काम करने और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने का समान अवसर देने की अपील की।



