पंजाब चुनाव 2027 के लिए भाजपा और अकाली दल फिर साथ, एनडीए में लौटी सुखबीर बादल की पार्टी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में गठबंधन की घोषणा की

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने फिर से हाथ मिला लिया है। मंगलवार, 24 नवंबर को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों दलों के गठबंधन की औपचारिक घोषणा की। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मौजूद रहे। इस फैसले के साथ अकाली दल की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में भी वापसी हो गई है। दोनों दलों के बीच करीब छह साल बाद राजनीतिक साझेदारी फिर बहाल हुई है।
भाजपा मुख्यालय में हुई दोनों दलों के नेताओं की बैठक
सुखबीर सिंह बादल मंगलवार दोपहर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ बैठक हुई। इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों दलों के साथ आने पर सहमति बनी।
अमित शाह ने की गठबंधन की घोषणा
बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल ने मिलकर आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अकाली दल अब एनडीए के सहयोगी के रूप में काम करेगा। शाह ने कहा कि गुरु पर्व के अवसर पर पुराने सहयोगी दल की वापसी खुशी का विषय है। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के नेताओं का एनडीए में स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी जताई खुशी
अमित शाह ने बताया कि गठबंधन की जानकारी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल को फोन कर अपनी खुशी जाहिर की। शाह के मुताबिक प्रधानमंत्री ने कहा कि अकाली दल के साथ आने से एनडीए की एकजुटता और मजबूत होती है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल के समय से दोनों दलों के बीच चले आ रहे पुराने संबंधों का भी उल्लेख किया।



