बिलकिस बानो केस में नया मोड़, 24 साल बाद भी जारी है कानूनी लड़ाई
2002 से 2026 तक जानिए मामले के बड़े घटनाक्रम

2002 के गुजरात दंगों के दौरान बिलकिस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दो दोषियों को राहत दी है। अदालत ने उम्रकैद की सजा काट रहे बिपिनचंद कनैयालाल जोशी और प्रदीप रामलाल मोधिया की सजा निलंबित करते हुए उन्हें जमानत दे दी है। दोनों 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। जमानत की शर्तें संबंधित ट्रायल कोर्ट निर्धारित करेगा। हालांकि, दोषसिद्धि के खिलाफ उनकी अपील पर सुनवाई अभी जारी रहेगी।
दिव्यांगता और कानूनी दलीलों पर मिली राहत
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने 28 अक्टूबर को यह आदेश दिया। दोनों दोषियों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने दलील दी कि वे 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। एक दोषी की गंभीर दिव्यांगता और दूसरे को घटना के करीब तीन साल बाद आरोपी बनाए जाने का मुद्दा भी अदालत के सामने रखा गया। पीठ ने माना कि अपील में कुछ ऐसे तथ्य और कानूनी पहलू हैं, जिन पर सुनवाई जरूरी है।
2002 से 2026 तक मामले का पूरा घटनाक्रम
- 3 मार्च 2002: गुजरात दंगों के दौरान दाहोद जिले के रंधिकपुर गांव में बिलकिस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ। उस समय वह पांच महीने की गर्भवती थीं। उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या भी कर दी गई।
- 2004: निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने मामला गुजरात से महाराष्ट्र स्थानांतरित किया।
- जनवरी 2008: मुंबई की विशेष सीबीआई अदालत ने 11 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। बॉम्बे हाईकोर्ट ने भी दोषसिद्धि और सजा बरकरार रखी।
- 15 अगस्त 2022: गुजरात सरकार की समयपूर्व रिहाई नीति के तहत सभी 11 दोषियों को जेल से रिहा कर दिया गया।
- 8 जनवरी 2024: सुप्रीम कोर्ट ने रिहाई का आदेश रद्द करते हुए सभी दोषियों को दो सप्ताह में जेल लौटने का निर्देश दिया। इसके बाद सभी ने सरेंडर किया।
- 28 अक्टूबर 2026: सुप्रीम कोर्ट ने बिपिनचंद जोशी और प्रदीप मोधिया की उम्रकैद की सजा निलंबित कर जमानत दे दी।
अपील पर सुनवाई अभी बाकी
सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश से दोनों दोषियों को फिलहाल जेल से बाहर आने का रास्ता मिला है, लेकिन उनकी दोषसिद्धि समाप्त नहीं हुई है। मामले में उनकी अपील पर अंतिम फैसला होना अभी बाकी है।



