भगवान कृष्ण पर टिप्पणी विवाद के बाद बागेश्वर धाम सरकार का बड़ा ऐलान
मथुरा में भव्य कृष्ण मंदिर के लिए लेंगे बड़ा संकल्प

भगवान श्रीकृष्ण पर की गई टिप्पणी को लेकर उठे विवाद के बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मथुरा जाने का बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा की है कि 21 नवंबर को वे वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर दर्शन करेंगे। इसके साथ ही मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के भव्य मंदिर को लेकर संकल्प लेने की बात भी कही है। उत्तर प्रदेश के कुंडा में चल रही रामकथा के मंच से की गई इस घोषणा के बाद उनके मथुरा दौरे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
रामकथा के मंच से की मथुरा जाने की घोषणा
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा के दौरान कहा कि वे 21 नवंबर को बांके बिहारी के दर्शन करने मथुरा जाएंगे। उन्होंने अपने अंदाज में कहा, ''कृष्ण लला हम आएंगे, माखन मिश्री खाएंगे।'' उन्होंने कृष्ण और यादव समाज के संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यादव में माधव और माधव में यादव का दर्शन करते हैं। उनके लिए जाति-पात और भेदभाव का कोई स्थान नहीं है।
भव्य कृष्ण मंदिर के लिए लेंगे संकल्प
बाबा बागेश्वर ने कहा कि बांके बिहारी के दर्शन के बाद वे मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के भव्य और दिव्य मंदिर को लेकर संकल्प लेंगे। उन्होंने मथुरा में औरंगजेब से जुड़ी निशानी हटाने और भगवान कृष्ण के भव्य मंदिर निर्माण की इच्छा भी जताई। इसके लिए आने वाले समय में हनुमान चालीसा पाठ करने की बात कही।
कृष्ण पर टिप्पणी को लेकर दी सफाई
भगवान श्रीकृष्ण पर पहले दिए गए बयान को लेकर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि तीन घंटे की कथा को कुछ सेकंड की वीडियो क्लिप से नहीं समझा जा सकता। उनके मुताबिक, बयान का एक हिस्सा काटकर प्रसारित किया गया, जिससे भ्रम की स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि पूरे संदर्भ में उनकी बात सुनने पर वास्तविक आशय स्पष्ट हो जाएगा।
कथा को चुनाव से जोड़ने पर भी दिया जवाब
कथा आयोजनों को राजनीतिक लाभ से जोड़ने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि उनकी कथाएं पूरे पांच साल चलती हैं और इनका उद्देश्य चुनाव नहीं, बल्कि सनातन धर्म के अनुयायियों को एकजुट करना है। उन्होंने धार्मिक आयोजन करने के अधिकार का उल्लेख करते हुए संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 का भी हवाला दिया।



