असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पांच डिब्बे पटरी से उतरे, सभी यात्री सुरक्षित
डिगारू स्टेशन के पास सुबह हुआ हादसा

असम में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। डिगारू रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अनुसार, ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान हुआ हादसा
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे डिगारू स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को आगे निकलने का रास्ता देने के लिए लाई जा रही थी। इसी दौरान लोको पायलट गति नियंत्रित नहीं कर सके और ट्रेन बेपटरी हो गई। डिगारू स्टेशन गुवाहाटी से करीब 44 किलोमीटर दूर स्थित है।
यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था
हादसे के तुरंत बाद रेलवे की टीमों ने राहत कार्य शुरू कर दिया। प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई, जो घटनास्थल पर पहुंचाई गई। यात्रियों को पीने का पानी और भोजन भी उपलब्ध कराया गया। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत और बहाली कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
दोनों रेल लाइनों पर परिचालन बहाल
रेलवे के अनुसार, हादसे के बाद अप लाइन पर परिचालन बहाल कर दिया गया। अब अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। विभिन्न स्थानों पर रोकी गई ट्रेनों को भी धीरे-धीरे रवाना किया जा रहा है। हालांकि, कुछ लोकल ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। अलीपुरद्वार जंक्शन-मरियानी जंक्शन इंटरसिटी एक्सप्रेस (15769) को कामाख्या तक ही चलाया गया, जबकि गुवाहाटी-हैबरगांव-गुवाहाटी डीएमयू (75727/75728) रद्द कर दी गई।
रेलवे ने जारी किए सहायता नंबर
प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों की मदद के लिए रेलवे ने विभिन्न स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
- कटिहार: 9002041806, 9002041952, 9771441956
- किशनगंज: 06456226794, 06456226795
- न्यू जलपाईगुड़ी: 6287699880
- गुवाहाटी: 03612731621, 2731622, 2731623
- लुमडिंग: 03674263858, 265958, 263831
- बदरपुर: 03843269546, 269548, 268424, 269547
- सिलचर: 03842245414, 245419, 245423



