अरुणाचल प्रदेश पुलिस के लिए ऐतिहासिक सम्मान, ईटानगर में अमित शाह ने प्रदान किया राष्ट्रपति निशान
16 हजार से अधिक कर्मियों वाले पुलिस बल की भूमिका को सराहा

अरुणाचल प्रदेश पुलिस के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की राजधानी ईटानगर में आयोजित समारोह में पुलिस बल को राष्ट्रपति निशान (President’s Colour) प्रदान किया। इस सम्मान को राज्य पुलिस के साथ प्रदेश की जनता के लिए भी गौरव का क्षण बताते हुए शाह ने कहा कि किसी भी राज्य के जीवन में ऐसा अवसर एक बार ही आता है। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश की सामरिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की सुरक्षा, शांति, खुशहाली और विकास पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण हैं।
साहस और अनुशासन का सम्मान
गृह मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति निशान किसी पुलिस बल के साहस, अनुशासन और पेशेवर दक्षता का प्रमाण है। यह सम्मान उन बलों को दिया जाता है, जिन्होंने 15 वर्षों से अधिक समय तक वीरता, समर्पण और बलिदान के साथ सेवाएं दी हों। अरुणाचल प्रदेश पुलिस यह सम्मान पाने वाला देश का 17वां पुलिस बल बना है।
1971 में हुई थी पुलिस बल की शुरुआत
गृह मंत्री शाह ने अरुणाचल प्रदेश पुलिस के गठन का इतिहास याद करते हुए बताया कि एक समय क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी असम राइफल्स संभालती थी। वर्ष 1971 में नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी (नेफा) के दौर में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एल.बी. सेवा के नेतृत्व में पुलिस बल की शुरुआत हुई थी। उन्होंने एल.बी. सेवा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि 1974 में मिजोरम में हथियारबंद आतंकवादियों से लड़ते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए थे। शाह ने कहा कि उनके द्वारा बोया गया बीज आज 16 हजार से अधिक कर्मियों वाले विशाल पुलिस बल के रूप में विकसित हुआ है।
चार रेंज और 29 पुलिस जिले
गृह मंत्री ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश पुलिस चार रेंज और 29 पुलिस जिलों में कार्यरत है। इसमें अरुणाचल सशस्त्र पुलिस की दो बटालियन और पांच इंडियन रिजर्व बटालियन भी शामिल हैं।
सीमाओं की सुरक्षा में अहम जिम्मेदारी
गृह मंत्री शाह ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश शांतिप्रिय जनता वाला राज्य है, जहां लोग खेती, कारोबार, शिक्षा और धार्मिक जीवन से जुड़े हैं। इसके बावजूद इसकी 1,863 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें चीन के साथ 1,226 किलोमीटर, म्यांमार के साथ 520 किलोमीटर और भूटान के साथ 217 किलोमीटर की सीमा शामिल है। उन्होंने अरुणाचल को ‘डेथ ट्रायंगल’ के मुहाने पर स्थित बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र से देश में मादक पदार्थों की तस्करी होती है। इसलिए नशे के कारोबार पर रोक लगाने में भी राज्य की भूमिका अहम है।
आंतरिक सुरक्षा की चुनौतियों पर जोर
गृह मंत्री ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश पुलिस उग्रवाद, संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अच्छा काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति निशान से सम्मानित होने के बाद पुलिस बल इन जिम्मेदारियों को और अधिक उत्साह तथा समर्पण के साथ निभाएगा।



