आतंकवाद पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा बयान, देशभर में लागू होगी एक समान रणनीति
हर पुलिस थाने तक पहुंचेगी आतंकवाद से निपटने की व्यवस्था, पूरे नेटवर्क को खत्म करने पर जोर

आतंकवाद के खिलाफ देशभर में एकसमान रणनीति लागू करने और आतंकी नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए केंद्र सरकार ने सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करने पर जोर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार, 19 नवंबर को नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। अब इस नीति के अनुरूप हर पुलिस थाने तक एक समान रणनीति और कार्यप्रणाली पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई केवल किसी एक घटना या आतंकी तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पूरे नेटवर्क पर एक साथ प्रहार किया जाना चाहिए।
आतंकी नेटवर्क पर एक साथ कार्रवाई जरूरी
शाह ने कहा कि किसी सुरक्षा एजेंसी की असली सफलता किसी आतंकी घटना के बाद कार्रवाई करने में नहीं, बल्कि घटना से पहले ही साजिशकर्ताओं को पकड़ने में है। उन्होंने राज्यों से आतंकवाद से निपटने के लिए इस मॉडल को अपनाने की अपील की। लश्कर के आतंकी लतीफ भट के मारे जाने के बाद कश्मीर में भारत में जन्मे आतंकियों की मौजूदगी समाप्त होने का दावा करते हुए उन्होंने इसे 35 साल बाद बनी महत्वपूर्ण स्थिति बताया।
आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारियां
गृह मंत्री ने बताया कि शहजाद भट्टी नेटवर्क को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत आतंकी संगठन घोषित किया गया है। अब तक 40 से अधिक मॉड्यूल नष्ट किए गए, 100 से ज्यादा मामले दर्ज हुए और 271 से अधिक गिरफ्तारियां की गईं। वर्ष 2019 से अब तक 36 देशों से 303 भगोड़ों को भारत वापस लाया गया है। इसमें सीबीआई, गृह मंत्रालय और खुफिया एजेंसियों के बीच समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कानूनी और खुफिया तंत्र को किया मजबूत
शाह ने बताया कि 2 अगस्त 2019 को एनआईए अधिनियम और 14 अगस्त 2019 को यूएपीए में संशोधन किया गया। इसके बाद एनआईए को संपत्ति जब्त करने का अधिकार मिला और व्यक्तियों को आतंकी घोषित करने की प्रक्रिया मजबूत हुई। सितंबर 2019 में कट्टरता विरोधी योजना तैयार की गई, जिसे दिसंबर 2019 में अंतिम रूप दिया गया। आतंकवाद की फंडिंग रोकने के लिए 25 सूत्रीय योजना भी बनाई गई। सितंबर 2022 में पीएफआई के खिलाफ 11 राज्यों की पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाया।
एमएसी और एनआईए का विस्तार
मल्टी एजेंसी सेंटर (एमएसी) का दायरा साइबर अपराध, मादक पदार्थों, संगठित अपराध और कट्टरता के केंद्रों तक बढ़ाया गया। वर्ष 2023 में इसे नया स्वरूप दिया गया और नेशनल मेमोरी बैंक की व्यवस्था की गई। एनआईए में 16 नए शाखा कार्यालय और दो जोनल कार्यालय खोले गए। एजेंसी को विदेशों में भारतीयों के हितों से जुड़े मामलों की जांच, आतंकवाद के महिमामंडन पर रोक और अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण जैसे कामों से भी जोड़ा गया है। देश में 70 एनआईए विशेष अदालतें स्थापित की गई हैं।
राज्यों और सुरक्षा एजेंसियों के लिए दिशा-निर्देश
गृह मंत्री ने आतंकवाद की फंडिंग श्रृंखला तोड़ने के लिए वित्तीय जांच एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने एटीएस में साइबर विशेषज्ञ इकाइयां बनाने, थानों से मिलने वाली खुफिया जानकारी सीधे डीजीपी तक पहुंचाने और सीमावर्ती राज्यों में चतुष्कोणीय क्षेत्रीय सुरक्षा ग्रिड विकसित करने की आवश्यकता बताई।
पुस्तक, पोर्टल और नए कार्यालयों का शुभारंभ
सम्मेलन के दौरान ‘Fail-Safe Investigation’ पुस्तक का विमोचन किया गया। चंडीगढ़ में एनआईए कार्यालय की आधारशिला रखी गई और दिल्ली के मैदानगढ़ी में आवासीय परिसर का उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर ‘पुष्टि’ पोर्टल भी लॉन्च किया गया। शाह ने सात अधिकारियों और कर्मचारियों को अलंकरण प्रदान किए।
कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, आईबी निदेशक महेश दीक्षित, विशेष सचिव आनंद स्वरूप और एनआईए महानिदेशक राकेश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



