F1 के पूर्व विश्व चैंपियन एलन जोन्स का निधन, 80 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
12 ग्रां प्री जीतकर मोटरस्पोर्ट में बनाई थी अलग पहचान

फॉर्मूला-1 की दुनिया के दिग्गज नाम और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विश्व चैंपियन एलन जोन्स का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 5 नवंबर को संक्षिप्त बीमारी के बाद अंतिम सांस ली। जन्मदिन के महज तीन दिन बाद उनके निधन की खबर सामने आई। मोटरस्पोर्ट ऑस्ट्रेलिया ने उनकी पत्नी अमांडा बटर-डेविस की ओर से जारी बयान के जरिए उनके निधन की पुष्टि की।
विलियम्स के साथ रचा था इतिहास
एलन जोन्स ने वर्ष 1980 में विलियम्स टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए फॉर्मूला-1 ड्राइवर विश्व चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था। इस जीत के साथ वह ऑस्ट्रेलिया के दूसरे ऐसे ड्राइवर बने, जिन्होंने यह प्रतिष्ठित खिताब हासिल किया। उनसे पहले सर जैक ब्रैबम यह कामयाबी हासिल कर चुके थे।
12 ग्रां प्री जीत से बनाई पहचान
अपने रेसिंग करियर में जोन्स ने कुल 12 ग्रां प्री मुकाबले जीते। उनकी आक्रामक रेसिंग शैली ने उन्हें दुनिया के प्रमुख ड्राइवरों में शामिल किया। वह उन पांच ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में भी रहे, जिन्होंने फॉर्मूला-1 रेस में जीत दर्ज की। इस सूची में जैक ब्रैबम, मार्क वेबर, डेनियल रिकियार्डो और ऑस्कर पियास्त्री के नाम भी शामिल हैं।
ऑस्ट्रेलियाई मोटरस्पोर्ट को दी नई पहचान
ऑस्ट्रेलियन ग्रां प्री कॉरपोरेशन ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि 1980 में विश्व चैंपियन बनने की उनकी कामयाबी ने देश में मोटरस्पोर्ट के प्रति नई पीढ़ी को प्रेरित किया। उसी वर्ष ऑस्ट्रेलियन ग्रां प्री में उनकी जीत आज भी किसी ऑस्ट्रेलियाई ड्राइवर की घरेलू ग्रां प्री में आखिरी जीत बनी हुई है।
परिवार में पत्नी और छह बच्चे
जोन्स अपने पीछे पत्नी अमांडा और छह बच्चों क्रिश्चियन, एम्बर, जारा, जैक, कैमिला तथा एम्मा को छोड़ गए हैं। फॉर्मूला-1 में उनकी उपलब्धियां और ऑस्ट्रेलियाई मोटरस्पोर्ट में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।



