WhatsApp ग्रुप में अब जुड़ सकेंगे 1500 सदस्य, आए कई नए फीचर
बातचीत और ग्रुप मैनेज करना होगा आसान

WhatsApp इस्तेमाल करने वालों के लिए ग्रुप चैट से जुड़ा बड़ा बदलाव सामने आया है। कंपनी ग्रुप में सदस्यों की अधिकतम संख्या 1,024 से बढ़ाकर 1,500 कर रही है। इससे एक ग्रुप में 476 अतिरिक्त सदस्य जुड़ सकेंगे। यह बदलाव सामान्य ग्रुप के साथ कम्युनिटी के भीतर बने ग्रुप पर भी लागू होगा। फिलहाल इसे Android और iPhone यूजर्स के लिए चरणबद्ध तरीके से जारी किया जा रहा है।
जरूरी मैसेज अब हमेशा रहेंगे पिन
ग्रुप में महत्वपूर्ण संदेशों को पिन करने की सुविधा में भी बदलाव किया गया है। अब मैसेज को बिना समय सीमा के पिन रखा जा सकेगा, जिससे जरूरी जानकारी बार-बार चैट में खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नए सदस्यों को मिलेगी पुरानी चैट
ग्रुप में नए सदस्य जुड़ने पर उन्हें पहले भेजे गए संदेशों की जानकारी देने की सुविधा भी बेहतर की गई है। अब सदस्य के जुड़ने के बाद भी उसे पुरानी चैट के हालिया संदेश भेजे जा सकेंगे। इससे नए सदस्य को बातचीत समझने में आसानी होगी।
ग्रुप के लिए अलग स्टेटस
WhatsApp ने ग्रुप स्टेटस का विकल्प भी शुरू किया है। इसके जरिए किसी खास ग्रुप के सदस्यों के साथ स्टेटस साझा किया जा सकेगा। दूसरे सदस्य इसे देख सकेंगे और प्रतिक्रिया भी दे सकेंगे। यह स्टेटस 24 घंटे बाद अपने आप हट जाएगा।
@all से सभी सदस्यों को मिलेगा अलर्ट
ग्रुप में एक साथ सभी सदस्यों का ध्यान खींचने के लिए @all फीचर दिया गया है। बड़े ग्रुप में 32 से अधिक सदस्य होने पर यह सुविधा केवल एडमिन के लिए रखी गई है। इसके अलावा मेंशन और रिप्लाई फिल्टर से उन चैट को अलग देखा जा सकेगा, जिनमें सदस्य को टैग किया गया है या उसके संदेश का जवाब आया है।
पोल और नया ग्रुप बनाने में भी बदलाव
पोल में वोटिंग की समय सीमा तय करने, वोट देने वालों के नाम छिपाने और 15 मिनट के भीतर सवाल संपादित करने के विकल्प जोड़े गए हैं। इसके साथ ही किसी मौजूदा ग्रुप के सदस्यों को चुनकर नया ग्रुप बनाने की सुविधा भी शुरू की गई है।



