जनशक्ति उजाला
समाचार

यूपी में INDIA गठबंधन के भीतर बढ़ी तकरार, अखिलेश पर बरसे इमरान मसूद

कांग्रेस को बिना सहमति 26 सीटें देने की चर्चा पर जताई नाराजगी

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: सहारनपुर, उत्तर प्रदेश2 मिनट पढ़ें
यूपी विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव की कार्यशैली पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने उठाए सवाल।
यूपी विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव की कार्यशैली पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने उठाए सवाल।
शेयर करें:

उत्तर प्रदेश में INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर मतभेद सामने आने लगे हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा और कांग्रेस के लिए कथित तौर पर एकतरफा सीटें तय किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ने सीटों की कोई मांग नहीं की थी, ऐसे में उसकी हिस्सेदारी तय करने का अधिकार सपा को किसने दिया।

अखिलेश के रुख पर शायराना अंदाज में जवाब

इमरान मसूद ने सपा के रवैये पर शायराना अंदाज में तंज कसते हुए कहा, "उनको अच्छी नहीं लगती बुलंदी मेरी, उनको शायद मेरी परवाज बहुत खलती है।" सहारनपुर से दो प्रत्याशी उतारने की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब उचित समझेगी, अपने उम्मीदवार घोषित करेगी। इस विषय पर अनावश्यक बयानबाजी की जरूरत नहीं है।

26 सीटों की चर्चा पर जताई नाराजगी

कांग्रेस सांसद ने कहा कि सपा की ओर से कांग्रेस के लिए 26 सीटें घोषित किए जाने की खबरें सामने आई हैं, जबकि कांग्रेस ने ऐसी कोई मांग नहीं रखी थी। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, "हम कोई भिखारी थोड़ी हैं।" मसूद ने इस तरह के रवैये को तानाशाही बताते हुए कहा कि गठबंधन में सहयोगियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए।

राहुल और प्रियंका के निर्देश पर लेंगे फैसला

मसूद ने स्पष्ट किया कि वे अपनी पार्टी के साथ खड़े हैं और आगे की रणनीति राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी के निर्देशों के अनुसार तय करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका ध्यान कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और संगठन मजबूत करने पर है। सपा को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि यदि साथ चलना है तो गठबंधन के तौर-तरीके भी समझने होंगे। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि आखिर मुख्य मुकाबला भाजपा से है या कांग्रेस से।

शेयर करें:

संबंधित खबरें