महिला आरक्षण और परिसीमन पर एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले ने रखा अपना पक्ष
परिसीमन के साथ ही लागू करने और सभी राज्यों के लिए समान फॉर्मूला तय करने पर दिया जोर

महिला आरक्षण और लोकसभा क्षेत्रों के परिसीमन को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग दोहराते हुए कहा कि उनकी पार्टी शुरुआत से ही महिला आरक्षण का पुरजोर समर्थन करती रही है। इस विषय पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के साथ भी चर्चा की गई है।
परिसीमन के साथ लागू हो महिला आरक्षण
सुप्रिया सुले ने कहा कि उनकी पहली प्रमुख मांग है कि परिसीमन की प्रक्रिया के साथ ही महिला आरक्षण भी लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज कई लोकसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 30 से 40 लाख तक पहुंच गई है। ऐसे बड़े निर्वाचन क्षेत्रों का विकास केवल पांच करोड़ रुपये के विकास फंड से सुनिश्चित करना मुश्किल है।
लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि की संभावना
सुले ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक लोकसभा सीटों की संख्या में लगभग 50 प्रतिशत वृद्धि होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पिछली चर्चाओं के दौरान भी उनकी ओर से सरकार से लिखित आश्वासन देने की मांग की गई थी।
सभी राज्यों के लिए समान फॉर्मूले पर जोर
एनसीपी (एसपी) सांसद ने कहा कि यदि राजनीतिक दलों से सहयोगात्मक रुख की अपेक्षा की जाती है, तो परिसीमन के मामले में सभी राज्यों के लिए एक समान फॉर्मूला होना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी उन्होंने पूरे विधेयक का अध्ययन नहीं किया है। सुले ने महिला आरक्षण विधेयक लागू करने और महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की अपनी पार्टी की मांग दोहराई।



