जनशक्ति उजाला
समाचार

इंदौर में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किरार समाज को दिया भविष्य संवारने का मंत्र

शिक्षा से स्वरोजगार तक सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
इंदौर में किरार कुंभ कार्यक्रम को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ।
इंदौर में किरार कुंभ कार्यक्रम को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ।
शेयर करें:

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार, 15 नवंबर को इंदौर में आयोजित अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा के ‘किरार कुंभ’ में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने समाज की एकता, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे। अपने जीवन से जुड़े अनुभव साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किरार समाज उनके बचपन का झूला, जवानी की फुलवारी और बुढ़ापे की काशी है। समाज के संस्कारों ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की दिशा दी है। उन्होंने समाज के लोगों से अगली पीढ़ी का भविष्य बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

प्रतिभाशाली बच्चों की शिक्षा में करेंगे सहयोग

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोई भी मेधावी बच्चा आर्थिक परेशानी के कारण शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। इंदौर में ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सूची तैयार की जाए, जिन्हें आर्थिक कठिनाइयों के कारण पढ़ाई जारी रखने में परेशानी हो रही है। उनकी शिक्षा पूरी कराने में वे भी सहयोग करेंगे। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समाज के स्तर पर निःशुल्क कोचिंग शुरू करने का सुझाव भी दिया।

युवाओं को उद्यमी बनाने पर जोर

उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें स्वरोजगार और उद्योग की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वे दूसरों को भी रोजगार दे सकें। केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद युवाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने समाज के पदाधिकारियों से ऐसे युवाओं की पहचान कर उन्हें बैंक ऋण, प्रशिक्षण और अन्य सुविधाओं से जोड़ने की बात कही।

नशामुक्त समाज बनाने का आह्वान

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नशे को व्यक्ति के स्वास्थ्य, धन और परिवार को बर्बाद करने वाली सामाजिक बुराई बताते हुए इसके खिलाफ सामूहिक अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे की लत से परिवारों की सुख-शांति प्रभावित होती है। समाज के सभी लोगों को मिलकर युवाओं को नशे से दूर रखने और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

दिसंबर में होगा प्रतिभाओं का सम्मान

उन्होंने बताया कि दिसंबर में भोपाल में समाज की प्रतिभाओं के सम्मान के लिए भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर से प्रतिभाशाली लोगों को आमंत्रित कर सम्मानित करने की योजना है। अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और लोगों के लिए काम करने की प्रेरणा उन्हें बचपन से ही मिली। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता से मिली सीख का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन की सार्थकता समाज, देश और जनता के लिए काम करने में है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें