महिला आरक्षण की राह में हर बाधा दूर करेंगे : प्रधानमंत्री मोदी
नारी शक्ति से किया वादा पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई, बोले- इरादा अडिग है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में पर्याप्त भागीदारी दिलाने के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति से किया गया वादा पूरा करने के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित है। हमारा हौसला बुलंद, हिम्मत अटूट और इरादा अडिग है।
महिलाओं को दिया भरोसा
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि सरकार ने देश की नारी शक्ति से जो वादा किया है, उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपना पुराना वीडियो संदेश भी साझा किया। इसमें उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की मांग कई दशकों से उठती रही है। वे स्वयं भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास करते रहे हैं। अनेक महिलाओं ने उनसे मुलाकात और पत्रों के माध्यम से इस विषय को उठाया है।
प्रधानमंत्री ने वीडियो संदेश में देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली सभी रुकावटें दूर की जाएंगी। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाले राजनीतिक दल भी महिलाओं की संसद और विधानसभाओं में भागीदारी बढ़ाने की प्रक्रिया को रोक नहीं पाएंगे। इसके लिए अब केवल समय का इंतजार है।
कैबिनेट ने विधेयकों को दी मंजूरी
गौरतलब है कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में परिसीमन संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक को मंजूरी दी गई थी। प्रस्तावित प्रावधानों के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि और वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की तैयारी है। इन विधेयकों को संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने की तैयारी के बीच प्रधानमंत्री का यह बयान महिला आरक्षण के मुद्दे पर सरकार के रुख को स्पष्ट करता है।



