आखिरी सांस तक देश की जनता की सेवा करता रहूंगा : प्रधानमंत्री मोदी
बनासकांठा की जनसभा में विपक्ष पर साधा निशाना, किसानों के खाते में 18 हजार करोड़ रुपये भेजने और पांच योजनाओं से 50 लाख करोड़ रुपये के लाभ का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी में कहा कि वह अपनी आखिरी सांस तक देश की जनता की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को सशक्त बनाना और खेती को आर्थिक रूप से मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की किसान कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि पांच प्रमुख योजनाओं के माध्यम से किसानों को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक मदद और बचत का लाभ मिला है।
आखिरी सांस तक जनता की सेवा का संकल्प
प्रधानमंत्री भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करने और करीब 14 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, "जीवन के अंतिम क्षण तक जनता की सेवा में ही जुटा रहूंगा।" उनका यह बयान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कुछ दिन पहले की उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर विवादित बयान दिया था।
विपक्ष पर लगाया अफवाह फैलाने का आरोप
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को देश पर संकट आने पर भी खुशी होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान युद्ध के बाद किसानों को खाद नहीं मिलने और लोगों को एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित होने जैसी अफवाहें फैलाई गईं। उनके मुताबिक, ऐसा प्रधानमंत्री को बदनाम करने के उद्देश्य से किया गया।
किसानों के खातों में पहुंचे 18 हजार करोड़
प्रधानमंत्री ने बताया कि पीएम-किसान सम्मान निधि की नई किस्त के तहत करीब 10 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई है। गुजरात के 50 लाख से ज्यादा किसानों को भी एक हजार करोड़ रुपये से अधिक मिले हैं।
पांच योजनाओं से किसानों को आर्थिक मदद
उन्होंने कहा कि किसानों के लिए बजट पहले की तुलना में पांच गुना से अधिक हो चुका है। पीएम-किसान सम्मान निधि से छोटे किसानों को करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये मिले हैं। खाद पर राहत देने के लिए सरकार ने लगभग 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि पिछले 12 वर्षों में गेहूं और धान उत्पादकों को एमएसपी के तहत 24 लाख करोड़ रुपये मिले हैं।
बीमा और सौर ऊर्जा पर भी जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि पीएम फसल बीमा योजना के तहत किसानों को दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है। पीएम-कुसुम योजना के अंतर्गत 12 लाख सोलर पंप दिए गए हैं, जिससे 800 करोड़ लीटर से अधिक डीजल की जरूरत बची है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर उर्वरकों की कीमतें बढ़ने के बावजूद सरकार ने इसका अतिरिक्त बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया। उनके अनुसार, खेती केवल आजीविका नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा भी है।



