जनशक्ति उजाला
समाचार

दुनिया की कंपनियों को भारत में निवेश करने पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल?

तकनीक से कारोबार तक

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश2 मिनट पढ़ें
विशाखापत्तनम में गुरुवार को सीआईआई पार्टनरशिप समिट 2026 को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ।
विशाखापत्तनम में गुरुवार को सीआईआई पार्टनरशिप समिट 2026 को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ।
शेयर करें:

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार, 12 नवंबर को विशाखापत्तनम में आयोजित सीआईआई पार्टनरशिप समिट 2026 को संबोधित करते हुए वैश्विक कंपनियों से भारत में निवेश करने और अपनी कारोबारी गतिविधियों का विस्तार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुनिया की तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल भारत में विनिर्माण, प्रौद्योगिकी और सेवा क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के लिए व्यापक अवसर मौजूद हैं। भारत निवेश के लिहाज से सुरक्षित और भरोसेमंद गंतव्य है।

फैक्ट्री और डेटा सेंटर में निवेश का आग्रह

गोयल ने अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से भारत में अपनी अगली फैक्ट्री, डिजाइन सेंटर और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) स्थापित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कंपनियां फैक्ट्रियों, होटलों और डेटा सेंटर में निवेश करें। साथ ही उद्योगों को गुणवत्ता और स्थिरता को अपनी प्राथमिकता बनाने की सलाह दी।

भारत की प्रतिभा और स्टार्टअप क्षमता पर जोर

मंत्री ने कहा कि भारत की ताकत उसकी प्रतिभाशाली मानव संसाधन क्षमता, उद्यमियों, विनिर्माण क्षेत्र और तेजी से विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम में है। ये क्षमताएं भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में भारतीय प्रतिभाओं की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि देश के विकास, समृद्धि और प्रगति का अवसर भी है।

तकनीक की सुरक्षा को बताया भरोसे की बुनियाद

गोयल ने निवेशकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि भारत बौद्धिक संपदा अधिकारों (आईपीआर) का सम्मान करता है और किसी दूसरे देश या कंपनी की तकनीक की चोरी नहीं करता। उन्होंने कहा कि कानूनी रूप से किसी कंपनी की जो तकनीक है, उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने भारत को ऐसा साझेदार बताया, जो कारोबार में विश्वास और पारदर्शिता को महत्व देता है।

बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की भूमिका

मंत्री ने कहा कि भू-राजनीतिक संघर्षों के कारण वैश्विक व्यापार प्रभावित हो रहा है। ऐसे दौर में भारत निवेशकों को नीतिगत स्थिरता और भविष्य की बेहतर योजना बनाने का भरोसा देता है। उन्होंने कहा कि 20वीं सदी में प्रतिस्पर्धा का आधार लागत का अंतर था, जबकि 21वीं सदी में भरोसे का अंतर निर्णायक भूमिका निभाएगा।

शेयर करें:

संबंधित खबरें