NCP के दोनों गुटों के विलय की तैयारी तेज, महाराष्ट्र से दिल्ली तक बदल सकते हैं सियासी समीकरण
शरद और अजित पवार गुटों के एक साथ आने की चर्चाओं के बीच मंत्रिमंडल में संभावित बदलावों को लेकर भी अटकलें तेज

महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के एक साथ आने की संभावनाओं ने नई हलचल पैदा कर दी है। शरद पवार और अजित पवार के नेतृत्व वाले गुटों के बीच विलय को लेकर बातचीत आगे बढ़ने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, इस सप्ताह या अगले सप्ताह तक इस संबंध में औपचारिक घोषणा हो सकती है। यदि दोनों गुट एक होते हैं तो इसका असर महाराष्ट्र की सत्ता से लेकर केंद्र सरकार की राजनीति तक दिखाई दे सकता है।
विलय के बाद नेतृत्व की भूमिका पर चर्चा
सूत्रों के अनुसार, संभावित विलय के बाद शरद पवार की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले को केंद्र की राजनीति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। वहीं, अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ पवार को महाराष्ट्र में संगठन और प्रदेश की राजनीति में भूमिका दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में भी हो सकते हैं बदलाव
संभावित राजनीतिक व्यवस्था में सुनेत्रा पवार के देवेंद्र फडणवीस सरकार में उपमुख्यमंत्री बने रहने की चर्चा है। वहीं, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल को महाराष्ट्र में वित्त मंत्री की जिम्मेदारी सौंपे जाने की अटकलें हैं। हालांकि, इन पदों को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
केंद्र में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, केंद्र में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल को भी जगह मिल सकती है। बताया जा रहा है कि शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल के बीच मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुई मुलाकात के दौरान विलय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन कर शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। वहीं, एनसीपी नेताओं की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात भी राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बनी हुई है।
विलय से बदल सकता है राजनीतिक गणित
दोनों गुटों के एक होने से महाराष्ट्र में विपक्षी राजनीति का समीकरण बदल सकता है। केंद्र में भी शरद पवार गुट के आठ लोकसभा और एक राज्यसभा सांसद का समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालिया एमएलसी चुनाव में सत्तापक्ष को लगे झटके के बाद महाराष्ट्र में एनसीपी का एकजुट होना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
2023 में हुई थी एनसीपी में बड़ी टूट
2 जुलाई 2023 को अजित पवार अपने समर्थक विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल हो गए थे और उपमुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद पार्टी दो गुटों में बंट गई। चुनाव आयोग ने अजित पवार गुट को एनसीपी का नाम और घड़ी चुनाव चिह्न दिया, जबकि शरद पवार गुट को एनसीपी (शरदचंद्र पवार) नाम और तुरहा बजाता व्यक्ति चुनाव चिह्न आवंटित किया गया। अब संभावित विलय की चर्चाओं ने एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।



