राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान ने बनाया नया रिकॉर्ड, नौ महीने से भी कम समय में एक करोड़ से अधिक खुराक दी गईं
छह राज्यों ने हासिल किया शत-प्रतिशत कवरेज

देश में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और किशोरियों को एचपीवी संक्रमण से सुरक्षित करने की दिशा में राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान ने महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से फरवरी 2026 में शुरू किए गए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत नौ महीने से भी कम समय में एक करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी हैं। यह पहल भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने के प्रयासों को मजबूती दे रही है।
1.2 करोड़ किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य
इस राष्ट्रव्यापी अभियान में 14 वर्ष की किशोरियों को लक्षित किया गया है। इसके तहत सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर माता-पिता की सहमति से मुफ्त, सुरक्षित और स्वैच्छिक सिंगल-डोज एचपीवी टीकाकरण की सुविधा दी जा रही है। अभियान के अंतर्गत लगभग 1.2 करोड़ किशोरियों के टीकाकरण का वार्षिक लक्ष्य निर्धारित किया गया था। अब तक एक करोड़ से अधिक खुराक दिए जाने के साथ लक्ष्य का करीब 87 प्रतिशत कवरेज हासिल हो चुका है।
छह राज्यों में शत-प्रतिशत कवरेज
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस उपलब्धि की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अभियान शुरू किए जाने के नौ महीने से भी कम समय में यह ऐतिहासिक प्रगति हुई है। उन्होंने गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार को 100 प्रतिशत कवरेज हासिल करने पर बधाई दी। उनके अनुसार, देश के 12 राज्य 80 प्रतिशत से अधिक टीकाकरण कवरेज प्राप्त कर चुके हैं।
स्वास्थ्यकर्मियों और अभिभावकों के योगदान की सराहना
स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने इस प्रगति का श्रेय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, स्वास्थ्य पेशेवरों, अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और यू-विन प्लेटफॉर्म के माध्यम से पात्र किशोरियों को मुफ्त, सुरक्षित और प्रभावी सिंगल-डोज टीकाकरण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे सर्वाइकल कैंसर से मुक्त भविष्य की दिशा में देश के प्रयास आगे बढ़ रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने अभिभावकों से की अपील
स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी एक्स पर एक करोड़ खुराक का आंकड़ा पार होने की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक खुराक भविष्य में एक लड़की को सर्वाइकल कैंसर से बचाने में मददगार है। मंत्रालय ने अभिभावकों से अपील की कि जिनकी बेटियां 14 वर्ष की हैं, वे नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर मुफ्त एचपीवी टीकाकरण की जानकारी लें। यह टीकाकरण स्वैच्छिक है और इसके लिए माता-पिता की सहमति अनिवार्य है।



