जनशक्ति उजाला
समाचार

MP की सियासत में बड़ा उलटफेर! 600 से ज्यादा भाजपा नेता कांग्रेस के संपर्क में : जीतू पटवारी का दावा

कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी लेगी अंतिम फैसला

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: मुरैना, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
मुरैना में मीडिया से चर्चा करते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ।
मुरैना में मीडिया से चर्चा करते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुरैना में दावा किया कि भाजपा के 600 से ज्यादा नेता और पदाधिकारी कांग्रेस के संपर्क में हैं और पार्टी में शामिल होना चाहते हैं। इनमें मौजूदा और पूर्व विधायक, सांसद, जिला अध्यक्ष तथा पूर्व जिला अध्यक्ष स्तर के नेता शामिल बताए गए हैं। हालांकि, कांग्रेस में किसे प्रवेश दिया जाएगा, इसका अंतिम निर्णय पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी करेगी। पटवारी ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा से जुड़े लोगों को कांग्रेस में जगह नहीं दी जाएगी।

कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे पटवारी

जीतू पटवारी रविवार को मुरैना में आयोजित संभाग स्तरीय दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे थे। सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

प्रदेश में 52 तरह के माफिया सक्रिय होने का आरोप

पटवारी ने प्रदेश सरकार को दिशाहीन बताते हुए आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में 52 तरह के माफिया सक्रिय हैं और सरकार उनके दबाव में काम कर रही है। उन्होंने नकली खाद की फैक्ट्रियों, खाद की कालाबाजारी, शराब और रेत माफिया का मुद्दा उठाया। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था में भी लेनदेन होने का आरोप लगाते हुए सरकार को 'अलीबाबा और 40 चोरों की सरकार' बताया।

किसानों से किए वादों पर सरकार को घेरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने, गेहूं 2700 रुपये और धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल खरीदने, 10 घंटे बिजली देने तथा पर्याप्त यूरिया उपलब्ध कराने के वादे किए थे, लेकिन सरकार इन्हें पूरा नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि किसान आगामी चुनाव में इसका जवाब देंगे।

26 दिसंबर को भोपाल में होगा बड़ा आयोजन

पटवारी ने बताया कि 26 दिसंबर को भोपाल में वोट चोरी के खिलाफ जनजागरण अभियान के तहत बड़ा आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा से एक हजार लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने क्षेत्रों में वोट चोरी चौपाल आयोजित करने की अपील की। मीडिया से चर्चा के बाद वे शहनाई रिजॉर्ट में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने रवाना हुए।

शेयर करें:

संबंधित खबरें