बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे ‘महादेव’ फेम मोहित रैना, पत्नी संग भस्म आरती में हुए शामिल
नंदी हॉल में दो घंटे की आराधना, दर्शन के बाद बोले- शब्द नहीं हैं

टीवी धारावाहिक ‘महादेव’ में भगवान शिव का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता मोहित रैना पत्नी अदिति के साथ शनिवार तड़के बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे। दोनों ने श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भस्म आरती के दर्शन किए और बाबा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान अभिनेता और उनकी पत्नी श्रद्धाभाव से शिवभक्ति में लीन नजर आए।
नंदी हॉल में दो घंटे तक की आराधना
मोहित रैना और उनकी पत्नी ने करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए। आरती के दौरान दोनों हाथ जोड़कर बाबा को नमन करते रहे और महाकाल का जाप किया। भस्म आरती संपन्न होने के बाद उन्होंने गर्भगृह की देहरी से पुजारियों के माध्यम से बाबा महाकाल को जल अर्पित किया और विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।
दर्शन के बाद बोले- मेरे पास शब्द नहीं हैं
बाबा महाकाल के दर्शन के बाद मोहित रैना ने अपनी अनुभूति साझा करते हुए कहा कि उनके पास इस अनुभव को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। उन्होंने दर्शन को अद्भुत बताते हुए कहा कि बाबा के दर्शन बहुत अच्छे से हुए। अभिनेता ने भगवान महाकाल से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की कामना भी की।
मंदिर समिति ने किया सम्मानित
दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से पंडित आशीष पुजारी ने मोहित रैना का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया।
‘महादेव’ के किरदार से मिली पहचान
मोहित रैना को टीवी धारावाहिक ‘महादेव’ में भगवान शिव की भूमिका निभाने से देशभर में लोकप्रियता मिली। इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ में मेजर करण कश्यप का किरदार निभाया। वे ‘मुंबई डायरीज’ और ‘द फ्रीलांसर’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी नजर आ चुके हैं। छोटे पर्दे पर भगवान शिव के रूप में दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले मोहित रैना का बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचना उनके प्रशंसकों के लिए भी खास रहा।



